मुंबई,24 जनवरी (युआईटीवी)- ‘जवान’ बने रहने के मंत्र को बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने साझा किया है। उन्होंने बताया कि दिल से साफ रह कर अपने दिल और जिंदगी में ‘जवान’ बने रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो भी आप कर रहे हैं,उस पर कभी भी संदेह न रखें और न ही अपने किए गए कामों की किसी से तुलना करें।
‘पठान’ फेम अभिनेता शाहरुख खान ने कहा कि, ” अपने दिल से साफ रह कर आप दिल से खुश रह सकते हो। दिल से जवान बनने का एकमात्र तरीका है,दिल से साफ होना। आप ऐसा तभी कर सकते हैं,जब आप अपने किए गए कामों की तुलना न करें और उसके प्रति संदेह न रखें। ”
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने कहा कि, “अपने परिवार और दोस्तों से प्यार करें,दयालु बनें,अपने आस-पास के लोगों के प्रति अच्छा बर्ताव और सम्मान रखें। मुझे ऐसा लगता है कि बहुत कम समय में हम दिल से जवान बन सकते हैं। ”
सुपरस्टार शाहरुख खान ने एटली द्वारा निर्देशित ‘जवान’ की शैली के बारे में बात करते हुए कहा कि, ” फिल्म निर्माण की एक ऐसी शैली मौजूद है,जो गतिशील है,बड़ी है,जीवन से भी बड़ी है। यह एक फिल्म में पैक की गई सभी चीजों की एक रोलरकोस्टर सवारी है। यह वास्तव में एक मजेदार, सार्थक यात्रा है।”
“जवान आपको हँसाएगा ,रुलाएगा,गुस्सा दिलाएगा,प्यार में डालेगा,सोचने के लिए मजबूर करेगा। लेकिन सबसे अच्छी बात यह है कि यह ऐसी यात्रा का अनुभव कराएगा,जो आप अपने परिवार के साथ कर सकते हैं। ”
शाहरुख ने एटली के साथ सहयोग करने पर कहा कि, यह सिर्फ एक स्क्रिप्ट को क्रियान्वित करने के विषय में नहीं था, बल्कि यह एक पारस्परिक खोज थी,जिसके माध्यम से हम कथाओं,कहानी,पात्रों के बारे में प्रस्तुति दे सकते थे।
शाहरुख ने निर्देशक एटली की सराहना करते हुए कहा कि, ” एटली की निर्देशन शैली की मैं वास्तव में सराहना करता हूँ। एटली का विजन स्पष्टता और उनकी संवाद करने की क्षमता वाकई में काफी प्रशंसनीय है। एटली साहसी,विशाल,जीवन से बड़े हैं। ”
एटली द्वारा निर्देशित फिल्म ‘जवान’ 7 सितंबर, 2023 को रिलीज़ हुई थी। इस फिल्म की प्रस्तुति रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा की गई थी। यह फिल्म गौरी खान द्वारा निर्मित और गौरव वर्मा द्वारा सह-निर्मित थी।
फिल्म के कमाई के बारे में बताया जा रहा है,कि दुनिया भर में इस फिल्म ने 1,160 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है।
28 जनवरी को इस फिल्म का प्रीमियर जी सिनेमा पर किया जाएगा ।
