मयंक अग्रवाल

मयंक अग्रवाल की तबीयत अचानक बिगड़ी,आईसीयू में भर्ती

नई दिल्ली,31 जनवरी (युआईटीवी)- क्रिकेटर मयंक अग्रवाल की तबीयत ट्रैवल के दौरान अचानक खराब हो गई थी। जब वे अगरतला से सूरत आ रहे थे,तब उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और तत्काल उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। बताया जा रहा है कि मयंक खतरे से बाहर हैं,लेकिन वे अभी भी हॉस्पिटल में ही हैं। मयंक अग्रवाल ने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।

भारतीय टीम की ओपनिंग बल्लेबाज मयंक अग्रवाल अभी भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं और अभी रणजी ट्रॉफी 2023-24 में खेल रहे हैं,जिसमें मयंक अग्रवाल अपनी घरेलू टीम कर्नाटक की कप्तानी कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,मयंक टूर्नामेंट के ही सिलसिले में अगरतला से सूरत जा रहे थे,तभी उन्हें फ्लाइट में ही तकलीफ होने लगी। मयंक ने सीने में जलन की शिकायत की,जिसके बाद तुरंत उन्हें फ्लाइट से उतारा गया और अस्पताल ले जाया गया। उन्हें अगरतला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

26 जनवरी से 29 जनवरी के बीच अगरतला में त्रिपुरा और कर्नाटक के बीच मैच खेला गया था। इस मैच में कर्नाटक ने त्रिपुरा को 29 रन से हराया था। मयंक अग्रवाल ने अपनी पहली पारी में 51 रन और दूसरी पारी में 17 रन बनाए थे। इस मैच के ख़त्म होने के पश्चात 30 जनवरी को टीम ने सूरत के लिए उड़ान भरी।

मयंक अग्रवाल ने तबीयत ठीक होने के बाद एक ऑफिशियल शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। मयंक ने इस शिकायत में उनके खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट्स के अनुसार,फ्लाइट में मयंक अग्रवाल ने एक पाउच से पेय पदार्थ को पानी समझकर पी लिया था,जिसके बाद मयंक की तबीयत खराब हो गई थी। इसे पीने के बाद उनके गले में जलन और फिर उल्टी होने लगी थी। उनकी तबीयत हॉस्पिटल में इलाज के बाद पूरी तरह से ठीक हो गई है।

उनकी इस शिकायत को पुलिस प्रबंधन ने दर्ज कर ली है और मामले की जाँच जल्द ही की जाएगी। फिलहाल अगरतला में ही मयंक का इलाज चल रहा है और जल्द ही उन्हें बेंगलुरु शिफ्ट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *