प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा,नई सरकार बनने के बाद हम पूर्ण बजट लेकर आएँगे

नई दिल्ली,31 जनवरी (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी लोक सभा चुनाव जीतने का दावा करते हुए कहा कि नई सरकार बनने के बाद हम पूर्ण बजट लेकर आएँगे। क्योंकि चुनाव का समय निकट आ गया है और जब चुनाव का समय निकट होता है तो पूर्ण बजट नहीं रखा जाता है। उस परंपरा को हम भी निभाएँगे। उन्होंने कहा कि देश की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण इस बार कुछ दिशानिर्देश की बातों को लेकर अपना बजट (अंतरिम बजट) हम सबके सामने कल पेश करने वाली हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के लगातार तीसरी बार भी जीतने की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश आगे बढ़ रहा है,नित्य प्रगति की नई-नई ऊँचाईयों को छू रही है,सर्वस्पर्शी और सर्वांगीण विकास हो रहा है। जनता जनार्दन के आशीर्वाद से ये यात्रा निरंतर बनी रहेगी।

प्रधानमंत्री ने ‘राम-राम’ के अभिवादन के साथ अपने संबोधन की शुरुआत और समापन किया।

जो सांसद सदन में हंगामा करते हैं,उनको कड़ी नसीहत देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि,जिसको जो रास्ता सही लगा,उसी के अनुसार पिछले 10 वर्षों में अपना-अपना कार्य सबने संसद में किया। लेकिन ऐसे सभी सांसद जिनका स्वभाव हुड़दंग करने वाला बन गया है,जो आदतन लोकतांत्रिक मूल्यों का चीरहरण करते हैं,आज जब वे आखिरी सत्र में मिल रहे हैं,तो आत्मनिरीक्षण अवश्य करेंगे कि उन्होंने जो इन 10 साल में किया,वो क्यों किया ? उन्होंने इतना हुड़दंग मचाया ये तो किसी को उनके संसदीय क्षेत्र में भी याद नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि यदि वे हुड़दंग करने की बजाय सरकार का तीखा विरोध करते और सदन को अपने उत्तम विचारों से लाभान्वित किया होता,तो उनको याद किया जाता। जब सदन की चर्चाओ को आने वाले दिनों में कोई देखेगा,तो उनका एक एक शब्द इतिहास की तवारीफ बनकर उजागर होगा।

हंगामा करने वाले सांसदों को प्रधानमंत्री मोदी ने अपना व्यवहार सुधारने की नसीहत दी और कहा कि ऐसे सभी माननीय सांसद सुनिश्चित करें कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सदन में करेंगे,अपना सर्वोत्तम विचार सदन को देंगे और देश को उत्साह से भर देंगे।

उन्होंने कहा कि सांसदों को इस अवसर को अपने हाथ से नहीं जाने देना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए कहा कि इस नए संसद भवन के पहले सत्र के आखिर में संसद ने एक बहुत ही गरिमापूर्ण फैसला लिया। संसद की ओर से ‘नारीशक्ति वंदन अधिनियम’ लाया गया,जो काफी सराहनीय निर्णय रहा। 26 जनवरी को नारीशक्ति के शौर्य,सामर्थ्य और नारीशक्ति के संकल्प की शक्ति का अनुभव हमने देश के कर्तव्य पथ पर किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन आज बजट सत्र के आरंभ होने पर और कल निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट प्रस्तुत किया जाएगा। ये एक प्रकार से नारीशक्ति के साक्षात्कार का पर्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *