मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग से पहले अपनी जर्सी लांच की

मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग से पहले अपनी जर्सी लांच की

मुम्बई, 25 फरवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)- मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के पहले सत्र से पूर्व अपनी टीम की आधिकारिक जर्सी शनिवार को यहां लांच की।

इस जर्सी को प्रख्यात फैशन डिजाइनर मोनिशा जयसिंह ने डिजाइन किया है। यह जर्सी मुंबई इंडियंस के नीले और सुनहरे रंग में है। जर्सी को पहले सत्र से पूर्व शनिवार को लांच किया गया।

महिला प्रीमियर लीग के लिए मुंबई इंडियंस की कोचिंग टीम में चार्लोट एडवर्डस (मुख्य कोच), झूलन गोस्वामी (टीम मेंटर और गेंदबाजी कोच), देविका पल्शिकर (बल्लेबाजी कोच) और लीडिया ग्रीनवे (फील्डिंग कोच), शामिल हैं जबकि तृप्ति चंदगडकर भट्टाचार्य टीम मैनेजर हैं।

मुम्बई इंडियंस टीम के बड़े नामों में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर, इंग्लैंड की उपकप्तान नट शिवर-ब्रंट, भारत की तेज गेंदबाजी आलराउंडर पूजा वस्त्रकर, न्यूजीलैंड की लेग स्पिन आलराउंडर एमेलिया केर और वेस्ट इंडीज की कप्तान हैली मैथ्यूज शामिल हैं।

महिला प्रीमियर लीग का पहला संस्करण चार से 26 मार्च तक मुंबई में ब्रेबोर्न स्टेडियम और डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले संस्करण में 22 मैच होंगे। मुम्बई का पहला मुकाबला चार मार्च को नवी मुम्बई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में गुजरात जायंट्स से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *