दोहा,11 मई (युआईटीवी)- ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा ने साल के अपने पहले आउटडोर सत्र की शुरुआत शुक्रवार को दोहा में डायमंड लीग इवेंट से की। जिसमें नीरज चोपड़ा भाला फेंक स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। दूसरे स्थान पर रहने के बाद नीरज चोपड़ा ‘खुश नहीं’ हैं।
दोहा में भारतीय स्टार नीरज चोपड़ा ने अपने छठे और अंतिम प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो 88.36 मीटर का साधा। लेकिन वे स्वर्ण पदक जीतने से 0.2 मीटर से चूक गए। डायमंड लीग इवेंट के भाला फेंक स्पर्धा में चेक गणराज्य के जैकब वाडलेज्च ने 88.38 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पहला स्थान अर्जित किया।
Just 2 centimetres short… 🫣#DohaDL | #NeerajChoprapic.twitter.com/vk76pvtTPm
— Olympic Khel (@OlympicKhel) May 10, 2024
डायमंड लीग 2024 में 27 वर्षीय नीरड चोपड़ा सबसे बड़े सितारों में से एक हैं। उन्होंने अपना पहला प्रयास फाउल से शुरू किया,दूसरे प्रयास में उन्होंने 84.93 मी.फेंका,तीसरे प्रयास में उन्होंने 86.24 मीटर तक भाला फेंका,नीरज ने अपने चौथे प्रयास में 86.18 मीटर भाला फेंका,उसके बाद अपने पाँचवें प्रयास में वे 82.28 मीटर तक ही भाला फेंक सके,अपने छठे और अंतिम प्रयास में एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने 88.36 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया।
चेक गणराज्य के जैकब वाडलेज्च ने अपने तीसरे प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो 88.38 मीटर दर्ज किया। उनका पाँचवा और छठा प्रयास फाउल हो गया। लेकिन उनके तीसरे प्रयास ने उन्हें स्वर्ण पदक का हकदार बना दिया। प्रतियोगिता में अन्य भारतीय किशोर कुमार जेना भी शामिल थे,जो 10 प्रतिभागियों के बीच 76.31 के कम प्रयास के साथ नौवें स्थान पर रहे।
12 मई से फेडरेशन कप में नीरज चोपड़ा हिस्सा लेंगे,जो तीन साल में उनका पहला घरेलू टूर्नामेंट होगा। आखिरी बार नीरज चोपड़ा ने 2021 फेडरेशन कप में हिस्सा लिया था,जिसका आयोजन टोक्यो ओलंपिक से पहले किया गया था। एथलेटिक्स में भाला फेंकने वाले नीरज ने ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।