बस दुर्घटना

ओडिशा के जाजपुर ओवरब्रिज से बस गिरी,5 लोगों की मौत,कई अन्य घायल

भुवनेश्‍वर,16 अप्रैल (युआईटीवी)- ओडिशा के जाजपुर जिले में बाराबती के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर सोमवार शाम को एक बस ओवरब्रिज से फिसल जाने से नीचे गिर गई,जिसमें कम-से-कम पाँच लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य लोग इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। अधिकारियों द्वारा यह जानकारी दी गई है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक,बच्चों,महिलाओं सहित लगभग 55 यात्रियों को ले जा रही यह बस कटक से पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया जा रही थी। कथित तौर पर बस के चालक ने नियंत्रण खो दिया,तभी यह हादसा हुआ। रात करीब 8 बजे वाहन रसूलपुर क्षेत्र में जाजपुर के बाराबती चौक के पास ओवरब्रिज से फिसल कर नीचे गिर गया।

रसूलपुर और चंडीखोल फायर स्टेशनों से अग्निशमन सेवा कर्मी सूचना मिलते ही तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुँच गए और सभी पीड़ितों को स्थानीय लोगों की मदद से बचाया।

सभी घायलों को दमकल कर्मियों ने गैस कटर की मदद से बस से बाहर निकाला।

16 एम्बुलेंस और क्रेन का इस्तेमाल इस बचाव अभियान में किया गया।

दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्यों की निगरानी के लिए जाजपुर के पुलिस अधीक्षक,डॉक्टरों की एक टीम और अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी भी पहुँचे।

धर्मशाला के नजदीकी अस्पताल में लगभग 40 घायल यात्रियों को ले जाया गया,जहाँ पाँच लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस बीच,10 से अधिक यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भेज दिया गया।

इस दुखद हादसे पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख व्यक्त किया और 3-3 लाख रुपये की अनुग्रह राशि मृतकों के परिजनों को देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने घोषणा किया कि घायलों के इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *