कोलंबो,16 सितंबर (युआईटीवी)- सर रवीन्द्र जडेजा ने एशिया कप फाइनल से पूर्व बांग्लादेश के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए एक विकेट लेते ही एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 200 विकेट लेने का कारनामा कर दिखाया । यह उपलब्धि हासिल करने वालों में वे सातवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। रवीन्द्र जडेजा भारत के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हैं।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में एशिया कप 2023 के सुपर 4 मैच बांग्लादेश और भारत के बीच खेला जा रहा था। उसमें भारत के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवीन्द्र जडेजा ने 200 वां विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की। अपने पहले स्पैल में शमीम हुसैन को एलबीडब्ल्यू करके आउट किया और रवीन्द्र जडेजा भारतीय क्रिकेट टीम के एकमात्र बाएँ हाथ के स्पिनर बन गए हैं,जिन्होंने एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 200 विकेट लिया है। रवीन्द्र जडेजा से पूर्व भारत के जवागल श्रीनाथ,अनिल कुंबले,जहीर खान, अजीत आगरकर,हरभजन सिंह और कपिल देव यह कारनामा कर चुके हैं।
एशिया कप 2023 में 34 वर्षीय जडेजा ने छह विकेट लिया है। रवीन्द्र जडेजा एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 200 विकेट लेने के साथ-साथ 2500 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इनसे पहले यह कारनामा करने वाले एक मात्र भारतीय बल्लेबाज 1983 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप विजेता कप्तान और महान तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर कपिल देव हैं। साथ ही रवीन्द्र जडेजा इस प्रारूप में शामिल होने वाले दुनिया के 14वें खिलाड़ी हैं।
रवीन्द्र जडेजा सात बार चार विकेट लिए हैं। एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5-36 का है। जिसमें भारत ने वेस्टइंडीज को हरा कर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीता था। इसके अलावा जडेजा ने 64 टी20 में 51 विकेट और 67 टेस्ट में 275 विकेट भी लिए हैं।
