इजरायली सैनिक

राफा पर हमले रोकने के लिए इजरायल ने 33 बंधकों की रिहाई की माँग की

तेल अवीव,27 अप्रैल (युआईटीवी)- गाजा पट्टी के दक्षिण में राफा शहर पर योजनाबद्ध हमलों को रोकने के लिए इजरायल ने हमास से कम-से-कम 33 बंधकों को रिहा करने की माँग की है।

इजरायली रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक,मिस्र के प्रतिनिधिमंडल के सामने मोसाद प्रमुख डेविड बार्निया ने 33 बंधकों की रिहाई की माँग रखी थी। मिस्र के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व खुफिया प्रमुख मेजर जनरल अब्बास कामेल कर रहे हैं।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी राफा पर योजनाबद्ध हमले से अपने देश में होने वाले विनाश के प्रति चिंतित हैं,अपनी इस चिंता को उन्होंने हाल ही में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन को काहिरा की यात्रा के दौरान जताई थी।

मिस्र को डर है कि यदि राफा क्षेत्र पर हमले किए जाएँगे तो इससे नागरिक तबाही होगी। राफा, देश के सिनाई क्षेत्र से सटा हुआ है। इसलिए राफा क्षेत्र पर हमले से मिस्र में बड़ी संख्या में शरणार्थियों का पलायन होगा।

अपनी आंतरिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए इजरायल ने कहा कि, 129 इजरायली बंधकों में से बुजुर्ग, बीमार और महिला की श्रेणी में 33 लोग आते हैं। इजराइल के अनुसार,129 इजरायली बंधकों में से कई बंधकों की मौत भी हो चुकी है।

इजरायली खुफिया ने दावा किया है कि इजरायली बंधकों के साथ याह्या सिनवार मानव ढाल के रूप में हमास सुरंगों में से एक में राफा में है। याह्या सिनवार सैन्य कमांडर और 7 अक्टूबर 2023 के नरसंहार का मास्टरमाइंड है।

राफा में इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने अपनी विशिष्ट नाहल ब्रिगेड को योजनाबद्ध हमले से पहले ही तैनात कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *