शिमला,14 अगस्त (युआईटीवी)- हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बारिश ने कहर बरपा दी है जिससे शिमला के समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर ढह जाने से नौ लोगों की मौत हो गयी है और कई लोगों के मलबे में फॅंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंदिर पर पहाड़ टूटकर गिर पड़ा, जिसके बाद मलबे में करीब 25 -30 लोग दब गए। अब तक नौ शव निकाले जा चुके हैं। हालाँकि अभी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है तो मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) टीम बचाव अभियान चला रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुआयना करने क लिए घटनास्थल पर पहुँच गए हैं। उन्होंने ट्वीट के जरिए बताया है कि “स्थानीय प्रशासन मलबे में फॅंसे लोगों को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं। बचाओ कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।उन्होंने कहा कि प्रलय रूपी बारिश के कारण शिमला में समरहिल के समीप शिव मंदिर के पास भूस्खलन हुआ है।जिससे काफी लोग दब गए हैं। कुछ लोगों की दुःखद मृत्यु हुई है। ”
बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे से हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश हो रही है जिससे प्रमुख शिमला-चंडीगढ़ सड़क सहित कई सड़कें भी अवरुद्ध हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहे हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए राज्य ने 14 अगस्त तक राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने की घोषणा की है।
