नीदरलैंड्स पर 16 रन की जीत से श्रीलंका सुपर 12 में

जिलॉन्ग, 20 अक्टूबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- सलामी बल्लेबाज कुशल मेंडिस की 44 गेंदों पर 79 रन की विस्फोटक पारी से श्रीलंका ने नीदरलैंड्स को अपने आखिरी क्वालीफाइंग ग्रुप ए मुकाबले में गुरूवार को 16 रन से हराकर आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 में जगह बना ली।

श्रीलंका के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था जिसमें उसने बेहतर प्रदर्शन किया। श्रीलंका ने 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाने के बाद नीदरलैंड्स को नौ विकेट पर 146 रन पर रोक दिया। श्रीलंका की तीन मैचों में यह दूसरी जीत रही और वह ग्रुप तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।

श्रीलंका के खाते में चार अंक हैं। नीदरलैंड्स के भी चार अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है लेकिन सुपर 12 की उम्मीदों के लिए उसे नामीबिया और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मैच के परिणाम का इन्तजार करना होगा।

44 गेंदों में पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 79 रन बनाने वाले कुसल मेंडिस को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। चरिथ असलंका ने 30 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया। भानुका राजापक्षा ने 13 गेंदों में 19 रन बनाये।

नीदरलैंड्स की तरफ से ओपनर मैक्स ओडाउड ने 53 गेंदों में नाबाद 71 रन बनाये लेकिन अपनी टीम को जीत की मंजिल पर नहीं पहुंचा पाए। कप्तान स्कॉट एडवर्डस ने 15 गेंदों में 21 रन बनाये। श्रीलंका की तरफ से वनिंदु हसरंगा ने 28 रन पर तीन विकेट और महीश थीक्षना ने 32 रन पर दो विकेट लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *