एलन मस्क और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भारत में टेस्ला सप्लाई चेन इकोसिस्टम स्थापित करने पर विचार कर रहे एलन मस्क

नई दिल्ली, 13 जुलाई (युआईटीवी/आईएएनएस)- पिछले महीने अमेरिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद, एलन मस्क भारत में अपनी खुद का सप्लाई चेन इकोसिस्टम स्थापित करने की संभावना तलाश रहे हैं, जिससे सस्ती इलेक्ट्रिक कारें तैयार की जा सकें, जिनकी कीमत 20 लाख रुपये से शुरू हो सकती है।

द इकोनॉमिक टाइम्स ने सबसे पहले सरकारी सूत्रों का हवाला देते हुए रिपोर्ट किया था कि इलेक्ट्रिक कार निर्माता ने इंसेंटिव और टैक्स बेनिफिट्स की मांग के साथ भारत में अपने ऑटो पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक्स चेन स्थापित करने के लिए भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत की है।

अगर सब कुछ ठीक रहा, तो टेस्ला कथित तौर पर सालाना 5 लाख इलेक्ट्रिक वाहन का उत्पादन कर सकती है।

वर्तमान में, स्टैंडर्ड टेस्ला इलेक्ट्रिक कार की कीमत 30 लाख रुपये से अधिक होती है और 100 प्रतिशत कस्टम ड्यूटी के साथ कीमत 60 लाख रुपये से अधिक हो जाती है।

हालांकि, भारत सरकार और टेस्ला के बीच प्रारंभिक बातचीत चल रही है और देश में टेस्ला के आने में कुछ समय लग सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि टेस्ला भारत में इंडस्ट्री एग्जीक्यूटिव के साथ बैठकें भी कर रही है।

पिछले महीने, प्रधानमंत्री मोदी की ‘मेक इन इंडिया’ पिच को सुनने के बाद, मस्क ने योजनाओं में बदलाव की घोषणा करते हुए कहा कि उनकी इलेक्ट्रिक वाहन और बैटरी कंपनी अब “जितनी जल्दी संभव हो सके” भारत आएगी।

मस्क ने मोदी के साथ अपनी मुलाकात के बाद बातचीत में संवाददाताओं से कहा: “उन्हें वास्तव में भारत की परवाह है क्योंकि वह हमें भारत में महत्वपूर्ण निवेश करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जो कुछ ऐसा है जिसे हम करने का इरादा रखते हैं और हम सिर्फ सही समय का इंतजार कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, ”मोदी वास्तव में भारत के लिए सही काम करना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा, मोदी यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि निवेश से भारत को लाभ पहुंचाए।”

मस्क ने कहा, भारत में दुनिया के किसी भी बड़े देश की तुलना में अधिक संभावनाएं हैं।

अगर टेस्ला भारत आती है, तो यह एप्पल जैसी कंपनियों के पैटर्न का अनुसरण करेगी जो जियोपॉलिटिकल और सप्लाई चेन के मुद्दों के कारण चीन से अपने विनिर्माण हटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *