आप' सांसद संजय सिंह

राज्यसभा सांसद संजय सिंह का राज्यसभा निलंबन हुआ खत्म,मिली बड़ी राहत

नई दिल्ली,27 जून (युआईटीवी)- पिछले साल मानसून सत्र के दौरान आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को ‘अमर्यादित व्यवहार’ के कारण राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया था। वहीं अब 26 जून,बुधवार को आप नेता व सांसद संजय सिंह का राज्यसभा का निलंबन खत्म कर दिया गया है। जिसकी जानकारी संजय सिंह ने अपने सोशल मीडिया पर दी है। आप नेता ने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ को निलंबन खत्म करने के लिए आभार व्यक्त किया।

अपने सोशल मीडिया हैंडल “एक्स” पर आप सांसद संजय सिंह ने लिखा कि,”लगभग एक साल के बाद संसद में पुनः जाने की इजाजत मिली है। निलंबन खत्म हुआ है। माननीय सभापति उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनकड़, प्रिविलेज कमेटी के सभापति व सभी माननीय सदस्यों का अत्यंत धन्यवाद व आभार।”


बता दें कि पिछले साल मॉनसून सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मणिपुर की घटना पर विपक्ष बयान की माँग पर अड़ा था। तब सभापति जगदीप धनखड़ ने इस पर प्रश्न काल में चर्चा करने की बात कही थी। हालाँकि,कुछ ही मिनटों तक प्रश्न काल चला था। इसके बाद संजय सिंह सभापति की कुर्सी के नजदीक तक चले गए थे। इस पर सभापति ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सांसद संजय सिंह को वापस जाने के लिए कहा था,लेकिन वह नहीं माने। पीयूष गोयल ने उनके इस व्यहार के लिए उन्हें निलंबित करने का प्रस्ताव रखा था और यह प्रस्ताव ध्वनिमत से पास कर दिया गया था। जिसके बाद संजय सिंह को ‘अमर्यादित व्यवहार’ के वजह से निलंबित कर दिया था।

गौरतलब है कि सीबीआई ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है। बुधवार को आप नेता संजय सिंह ने इस पर कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं से वह मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी पर बात करेंगे। उनसे निवेदन करेंगे कि वे संसद में इस मुद्दे को उठाए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संजय सिंह ने पोस्ट किया था, “हौसला आँधी है और आँधी रुकती नहीं है। सच्चाई ज़ुल्म के सामने झुकती नहीं है। जिसका शेर का कलेजा.. उसका दुश्मन क्या कर लेगा..” सब याद रखा जाएगा… जब हिसाब होगा तो दुनिया याद रखेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *