लालकृष्ण आडवाणी

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ी,दिल्ली एम्स अस्पताल में कराया गया भर्ती

नई दिल्ली,27 जून (युआईटीवी)- भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता तथा पूर्व डिप्टी प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुवार को उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,उम्र संबंधी तकलीफ होने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उन्हें एम्स के जरियाट्रिक डिपार्टमेंट के डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार,भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी की हालत स्थिर है।

हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी ने 30 मार्च, 2024 को बीजेपी के कद्दावर नेता लाल कृष्ण आडवाणी को खराब स्वास्थ्य को देखते हुए उनके आवास पर जाकर भारत रत्न से सम्मानित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और पूर्व उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू भी इस दौरान वहाँ मौजूद थे। आडवाणी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने के लिए आभार व्यक्त किया था।

पिछले काफी समय से 96 वर्षीय आडवाणी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार,घर पर ही डॉक्टर्स की टीमें उनका निरंतर मेडिकल चेकअप करती आ रही हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे जब अचानक से उनकी तबीयत ख़राब हुई,तो उन्हें एम्स अस्पताल ले जाया गया।

उनकी हालत को लेकर लाल कृष्ण आडवाणी के परिवार ने अपडेट जारी करते हुए बताया कि उन्हें हॉस्पिटल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और अभी उनकी तबियत ठीक है।

लाल कृष्ण आडवाणी पृथ्वीराज रोड स्थित सरकारी बंगले में अपनी बेटी प्रतिभा आडवाणी के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी कमला आडवाणी का अप्रैल 2016 में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *