लोकसभा

लोकसभा में जाति जनगणना की माँग को लेकर विपक्षी दलों का हंगामा

नई दिल्ली,31 जुलाई (युआईटीवी)- लोकसभा में जाति जनगणना करवाने के लिए बुधवार को कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के सांसदों ने जोरदार हंगामा और नारेबाजी की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच प्रश्नकाल की कार्यवाही को चलाने का प्रयास किया,लेकिन जब विपक्षी दलों के सांसदों ने वेल में आकर तख्तियाँ लहराकर हंगामे और नारेबाजी की,तो सदन की कार्यवाही को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।

लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। सदन की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सबसे पहले पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीत कर इतिहास रचने वाले मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई दी। इसके पश्चात लोकसभा अध्यक्ष ने प्रश्नकाल की कार्यवाही की शुरुआत की। लेकिन,कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के सांसदों ने जाति जनगणना की माँग को लेकर हंगामे और नारेबाजी शुरू कर दी।

विपक्षी सांसद नारेबाजी करते हुए वेल में भी आ गए। सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के सांसदों ने लगातार नारेबाजी करते रहे,जाति जनगणना की मॉंग करते रहे तथा माफी माँगने की भी माँग करते रहे।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों के हंगामे पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस सुबह शाम जाति की बात करते रहते हैं और यहाँ जाति पूछे जाने पर सवाल खड़ा करना चाहते हैं। कांग्रेस पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सेना का अपमान करने,देश में हिंसा तथा अराजकता फैलाने की कोशिश करने,लोकतंत्र को कमजोर करने इत्यादि का आरोप लगाया और कहा कि नियमों से ही इस सदन की गतिविधि आगे बढ़ती है। यह सदन नियमों से ही चलेगा।

सदन में नियोजित बाधा डालने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों को फटकार लगाया और कहा कि यह बीएसी की बैठक में तय हुआ था कि कोई भी सदन में तख्तियाँ नहीं लहराएगा। यह अनुचित और गलत है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और वे सदन की कार्यवाही को नियोजित तरीके से बाधित करना चाहते हैं। उन्होंने यह कहते हुए 12 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *