तेहरान,31 जुलाई (युआईटीवी)- ईरान की राजधानी तेहरान में हमास के पॉलिटिकल चीफ इस्माइल हानिया की हत्या कर दी गई। ईरानी के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) और ईरान की सरकारी मीडिया ने इसकी जानकारी साझा की। इस पर अभी तक इजरायल की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए हमास चीफ इस्माइल हानिया तेहरान पहुँचे थे।
एक बयान के जरिए ईरान के इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने पुष्टि की है कि इस्माइल हानिया तेहरान में जहाँ रुके थे,हमला उसी आवास पर किया गया। हमास प्रमुख इस्माइल हानिया और उनके एक गार्ड इस हमले में मारा गया।
मालूम हो कि इजरायल ने पिछले साल हमले के बाद हमास को जड़ से ख़त्म करने की कसम खाई थी। हालाँकि,इस हमले की इजरायल ने जिमेमदारी नहीं ली है और न ही अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि इस्माइल हानिया की हत्या इजरायल ने ही कराई है। हानिया को प्रधानमंत्री बेंजामिंन नेतन्याहू की सीक्रेट एजेंसी मोसाद ने ईरान में घुसकर मार गिराया है।
हमास ने आरोप लगाया कि हमास नेता हानिया की मौत इजरायली एयरस्ट्राइक में हुई है। ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा कि हमले की अभी भी जाँच की जा रही है। इस हमले के बारे में अभी कुछ भी नहीं बताया जा सकता है। इजरायल को हमास ने धमकी दी है कि हानिया की मौत बेकार नहीं जाएगी और इसका बदला जरूर लिया जाएगा। इस हमले को हमास ने कायरतापूर्ण कृत्य बताया है।
पिछले साल 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर हमला किया था,जिसमें 1200 लोगों की मौत हुई थी और 250 लोगों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद से इजरायल लगातार फिलिस्तीन में हमास लड़ाकों और नेताओं के खिलाफ हमले कर रहा है। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक,अक्टूबर में शुरू हुए हमले के बाद से 39,360 से अधिक फिलिस्तीनी अब तक मारे जा चुके हैं,जबकि 90,900 से अधिक फिलिस्तीनी घायल हुए हैं।
इस हमले के पीछे यमन के हैती संगठन ने अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है। हैती ने कहा,अमेरिका दौरे पर इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने हत्याओं के लिए हरी झंडी ली है। जो भी हो रहा है,उसके पीछे अमेरिका का हाथ है और इसकी कीमत अमेरिका को चुकानी होगी।
इजरायल के हमले में हमास के कई बड़े नेताओं जैसे- हमास के सैन्य नेता याह्या अय्याश,हमास के धार्मिक नेता और फाउंडर शेख अहमद यासिन,हमास के को फाउंडर और यासिन की जगह लेने वाले अब्देल अजीत,सीनियर हमास नेता सालेह अल अरौरी,हमास के पॉलिटिकल चीफ इस्माइल हानिया इस्माइल हानिया की मौत हुई है।
इस हमले के लिए ईरानी सरकारी टेलीविजन पर विश्लेषकों ने इजरायल को दोषी ठहराया है। हालाँकि,अभी तक इजराइल ने खुद कोई प्रतिक्रिया नहीं की है।
