राहुल गांधी

राहुल गांधी ने किया दावा,ईडी मेरे खिलाफ छापे की योजना बना रहा है,इंतजार करूँगा, ईडी को चाय-बिस्किट मेरी तरफ से

नई दिल्ली,2 अगस्त (युआईटीवी)- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उनके खिलाफ छापेमारी करने की योजना बना रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस छापेमारी की योजना के बारे में ईडी के कुछ अंदरूनी लोगों से पता चला है और वह उनका इंतजार कर रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक पोस्ट में कहा कि,जाहिर सी बात है कि मेरा चक्रव्यूह भाषण 2 इन 1 को पसंद नहीं आया। मुझे ईडी के ‘अंदरूनी लोगों’ ने छापेमारी की योजना की जानकारी दी है। खुले दिल से मैं अपनी बाहें फैलाकर उनका इंतजार कर रहा हूँ। ईडी को चाय-बिस्किट मेरी तरफ से।

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए ईडी अधिकारी के नाम बताने के लिए कहा है और कहा कि विपक्षी नेता की ओर से दिया गया यह बयान शर्मनाक है।

इतना ही नहीं,कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रवर्तन निदेशालय के आधिकारिक एक्स हैंडल को भी अपने इस पोस्ट में टैग किया।


29 जुलाई को लोकसभा में दिए गए अपने भाषण का वे केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान जिक्र कर रहे थे।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया था कि,देश भर में भय के माहौल के बीच एनडीए सरकार ने बजट 2024 में मध्यम वर्ग को आगे और पीछे से छुरा घोंपा है।

उन्होंने महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि अभिमन्यु को कुरुक्षेत्र में हजारों साल पहले छह लोगों ने चक्रव्यूह में फँसाकर मार डाला था। मैंने थोड़ा रिसर्च किया और पाया कि चक्रव्यूह को पद्मव्यूह भी कहा जाता है – जिसका अर्थ है कमल का फूल। एक नया चक्रव्यूह 21वीं सदी में भी बन गया है। हजारों साल पहले अभिमन्यु के साथ कुरुक्षेत्र में जो किया गया,वह आज के समय में भारत के किसानों, युवाओं, छोटे और मध्यम व्यवसायों तथा महिलाओं के साथ हो रहा है।

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के चक्रव्यूह वाले बयान की आलोचना आलोचना करते हुए कहा था कि देश ने कांग्रेस पार्टी के कई चक्रव्यूह देखे हैं।

सात चक्रव्यूह गिनाकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोला और कहा था कि कांग्रेस ही देश को विभाजित करने वाला पहला चक्रव्यूह था।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि यदि सत्ता में इंडिया ब्लॉक आती है,तो जाति आधारित जनगणना करवाएँगे और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी भी देगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *