ट्रेन हादसा

कानपुर में साबरमती एक्सप्रेस की 22 बोगियाँ पटरी से उतरीं,ट्रेन वाराणसी से अहमदाबाद जा रही थी

कानपुर,17 अगस्त (युआईटीवी)- उत्तर प्रदेश में कानपुर रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस 17 अगस्त की सुबह को हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन के 22 डिब्बे शनिवार देर रात 2:30 बजे पटरी से उतर गए।

वाराणसी से अहमदाबाद जा रही साबरमती एक्सप्रेस (19168) का इंजन देर रात करीब 2:30 बजे गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर रखी किसी चीज से टकरा कर ट्रेन के 22 बोगियाँ पटरी से उतर गईं। हालाँकि,अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। शुरुआती जाँच के अनुसार,रेलवे ट्रैक में कोई फ्रैक्चर नहीं मिला है।

जब पटरी पर से ट्रेन के कुछ डिब्बे नीचे उतरे तो यात्रियों में इससे हड़कंप मच गया। रेलवे,पुलिस और फायर विभाग के आला अधिकारी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुँचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

जिलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हुई साबरमती एक्सप्रेस (19168) कानपुर से झांसी जा रही थी और इसी दौरान साबरमती एक्सप्रेस के 22 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है,लेकिन कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई है। मौके पर बसों को बुलाकर यात्रियों को उनको गंतव्य की ओर रवाना किया गया।


रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि,लोको पायलट के अनुसार कोई पत्थर इंजन के कैटल गार्ड (सामने का हिस्सा) पर गिर जाने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मुड़ गया,जिसके कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस फायर अधिकारी दीपक शर्मा ने कहा कि,जब हमें ट्रेन के पटरी से उतरने की सूचना मिली तो तुरंत ही दमकल की पाँच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन वाराणसी से चलकर साबरमती जा रही थी। इस ट्रेन के कुछ डिब्बे कानपुर में पटरी से उतर गए। फिलहाल किसी यात्री को कुछ नहीं हुआ है,वे सभी यात्री सुरक्षित हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार,वाराणसी और अहमदाबाद के मध्य चलने वाली साबरमती एक्सप्रेस (19168) एक पत्थर से टकराने के बाद पटरी से उतरी है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि रेलवे यात्रियों को बस से दूसरे स्टेशन तक पहुँचाया जा रहा है और उन्हें वहाँ से एक विशेष ट्रेन से आगे भेजा जाएगा।

रेलवे के मुताबिक,साबरमती एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के वजह से सात ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और तीन के मार्ग बदल दिए गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों को दुर्घटना स्थल से कानपुर रेलवे स्टेशन तक ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है।

इस बीच रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

कानपुर: 0512-2323018, 0512-2323015,

प्रयागराज: 0532-2408128, 0532-2407353,

बनारस सिटी: 8303994411,

इटावा: 7525001249,

मिर्जापुर: 054422200097,

गोरखपुर: 0551-2208088,

टूंडला: 7392959702,

अहमदाबाद: 07922113977,

वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन: 0510-2440787 और 0510-2440790

उरई: 05162-252206,

बांदा: 05192-227543,

ललितपुर जंक्शन: 07897992404