संसद

संसद में केसी वेणुगोपाल लोक लेखा समिति के अध्यक्ष बनाए गए

नई दिल्ली,17 अगस्त (युआईटीवी)- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद में सदन से जुड़े महत्वपूर्ण समितियों के अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी है,जहाँ कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद केसी वेणुगोपाल को लोक लेखा समिति (पीएसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संसदीय व्यवस्था में लोक लेखा समिति को सबसे महत्वपूर्ण समिति माना जाता है।

पिछले काफी समय से कांग्रेस के तरफ से संसदीय समितियों में उसे महत्व नहीं दिए जाने का शिकायत करती रही है,लेकिन इस बार काफी कुछ लोकसभा चुनाव के नतीजों के कारण बदल गया है। संसदीय समितियों में भी ये बदलाव दिखाई दे रहा है। कांग्रेस के पास लोक लेखा समिति पीएसी की अध्यक्षता गई है।

शुक्रवार को लोकसभा सचिवालय ने एक बुलेटिन जारी कर संसदीय समितियों के गठन की घोषणा की। तीनों समितियों का कार्यकाल एक वर्ष का होता है,जिसमें लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सदस्य शामिल होते हैं और दोनों सदनों द्वारा इनका चयन किया जाता है।

लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी किए गए बुलेटिन पार्ट -2 के अनुसार,लोकसभा अध्यक्ष ने केसी वेणुगोपाल को वर्ष 2024-25 के लिए लोक लेखा समिति का सभापति नियुक्त किया है। इस समिति में 22 सांसद शामिल हैं,जिसमें लोकसभा से 15 और राज्य सभा से 7 सांसद हैं।

केसी वेणुगोपाल के अलावा इस समिति में लोकसभा से निशिकान्त दुबे,टीआर बालू,रवि शंकर प्रसाद,जगदंबिका पाल,सीएम रमेश,जय प्रकाश,अपराजिता सारंगी,प्रो.सौगत राय,मगुंटा श्रीनिवासुलू रेड्डी,अनुराग सिंह ठाकुर,तेजस्वी सूर्या,बालाशौरी वल्लभनेनी,डॉ. अमर सिंह और धर्मेन्द्र यादव शामिल हैं।

वहीं राज्य सभा से इस समिति में अशोक चव्हाण,प्रफुल्ल पटेल,शक्तिसिंह गोहिल, डा.के.लक्ष्मण, तिरुचि के शिवा,सुखेंदु शेखर रॉय और सुधांशु त्रिवेदी शामिल हैं। बता दें कि,लोक लेखा समिति को संसदीय व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण और प्रभावशाली समिति माना जाता है।

30 अप्रैल, 2025 को इस समिति का कार्यकाल समाप्त होगा। इसके साथ ही सदन से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण समितियों के अध्यक्षों को भी लोकसभा अध्यक्ष ने नियुक्त किया है। प्राक्कलन समिति का अध्यक्ष संजय जायसवाल,अन्य पिछड़े वर्गों के कल्याण संबंधी समिति का अध्यक्ष गणेश सिंह,अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के कल्याण संबंधी समिति का अध्यक्ष फग्गन सिंह कुलस्ते और सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति का अध्यक्ष बैजयंत पांडा को नियुक्त किया गया है।