हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अपने पद से दिया इस्तीफा

हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अपने पद से दिया इस्तीफा

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (युआईटीवी/आईएएनएस)- हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, सुरेश कश्यप ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि, कश्यप ने नड्डा को सौंपे अपने त्यागपत्र में व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा देने की बात कही है। प्रदेश अध्यक्ष के पद से उनके इस्तीफे को हिमाचल प्रदेश भाजपा संगठन में होने वाले बड़े फेरबदल का संकेत माना जा रहा है।

विधान सभा चुनाव में मिली हार के बाद भाजपा अब 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। इसलिए पार्टी आने वाले दिनों में प्रदेश में पार्टी को पुनर्गठित कर नया रूप देने जा रही है।

सुरेश कश्यप स्वयं हिमाचल प्रदेश के शिमला से लोक सभा सांसद हैं और यह माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें 2024 में फिर से अपना उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर सुरेश कश्यप का कार्यकाल पार्टी के लिए काफी निराशाजनक रहा। कश्यप को 2020 में हिमाचल प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद भाजपा को 2021 में मंडी लोक सभा और राज्य की कई विधान सभा सीटों पर हुए उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा। पिछले वर्ष उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में ही भाजपा विधान सभा चुनाव हार कर राज्य की सत्ता से भी बाहर हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *