अमरावती, 9 सितंबर (युआईटीवी)- आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को कौशल विकास घोटाला मामले में भ्रष्टाचार करने के आरोप में आपराधिक जाँच विभाग (सीआईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है।
आज सुबह सीआईडी ने उन्हें करोड़ों रुपये के घोटाले के मामले में गिरफ्तार किया। पूर्व सीएम एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर पुलिस का विरोध किया जिसके बाद
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के कई नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है।
टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू पर कौशल विकास घोटाले मामले में करोड़ों का घोटाला करने का मुख्या आरोपी बताया गया है। उन पर धारा 420 (धोखाधड़ी),धारा 120बी (आपराधिक साजिश) और 465 (जालसाजी) का धारा लगाया गया है। साथ ही एन चंद्रबाबू नायडू के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धाराएं भी आंध्र प्रदेश सीआईडी ने लगाई है।
इस मामले में टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि ” मुझे किसी मामले का हवाला देकर बिना किसी सबूत के वो मुझे गिरफ्तार करने राज्य में आए हैं। मैंने उनसे पूछा कि मुझे किस आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है। मुझे गिरफ्तारी के लिए शुरूआती जाँच के सबूत दिखाएँ। बिना किसी बात के अब वे यहाँ एफआईआर लेकर आए हैं। इसमें मेरी भूमिका या किसी भी और तरह की जानकारी नहीं है। ये देखकर मुझे बहुत दुःख हुआ। ये गलत है। उन्होंने आगे कहा कि “मैंने किसी तरह का कोई गलत काम या भ्रष्टाचार नहीं किया है। सीआईडी ने बिना किसी सही जानकारी के मुझे गिरफ्तार किया है।”
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह गैर-जमानती अपराध है। वहीं टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू का कहना है कि सीआईडी ने बिना किसी जानकारी के और बिना कोई सबूत दिखाए गिरफ्तार किया है। सबूत दिखाए जाने की बात पर सीआईडी ने सबूत दिखाने से मना कर दिया। मैं किसी भ्रष्टाचार में लिप्त नहीं रहा हूँ। मुझे साजिश के तहत फँसा कर गिरफ्तार किया गया है। मेरी संलिप्तता के बिना ही मेरा नाम एफआईआर में डाल दिया गया है।
सबूत के बारे में सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि हमारे पास जो भी सबूत है,उसे हमने उच्च न्यायालय में जमा कर दिया है। जाँच में चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी शुरुआती कदम है। 24 घंटे में जारी होने वाली रिमांड रिपोर्ट में सारी जानकारी दी जाएगी। सभी सामग्री को रिमांड रिपोर्ट में सम्मिलित किया गया है और एक रिमांड रिपोर्ट उन्हें विजयवाड़ा ले जाने से पहले दे दिया जाएगा।
चंद्रबाबू नायडू के वकील ने कहा कि “सीआईडी टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को मेडिकल जाँच के लिए ले गई। जहाँ मधुमेह और उच्च रक्तचाप का पता चला है। हम जमानत के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा रहे हैं । “
