चंद्रबाबू नायडू

चंद्रबाबू नायडू,पवन कल्याण और वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने विधानसभा सदस्य के रूप में ली शपथ

अमरावती,21 जून (युआईटीवी)- आज (शुक्रवार को) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू,उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण तथा वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के अध्यक्ष वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।

सबसे पहले मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शपथ ली। उन्होंने विधानसभा में तब तक कदम नहीं रखने की कसम खाई थी,जब तक के वे मुख्यमंत्री बन कर नहीं लौटेंगे।

नवनिर्वाचित विधायकों को प्रो-टेम स्पीकर जी. बुचैया चौधरी ने शपथ दिलाई।

तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और उसके सहयोगी जन सेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने चौथी बार मुख्यमंत्री बने एन. चंद्रबाबू नायडू का जोरदार स्वागत किया।

पहली बार विधानसभा के लिए चुने गए जन सेना नेता और अभिनेता पवन कल्याण को टीडीपी प्रमुख ने गले लगाया।

विधायक के रूप में डिप्टी सीएम पवन कल्याण शपथ लेने वाले दूसरे व्यक्ति थे। इसके बाद कई और मंत्रियों ने शपथ ली,जो विधानसभा में नए चेहरे हैं। शपथ लेने वाले मंत्रियों ने नायडू के बेटे नारा लोकेश भी शामिल थे।

जगन मोहन रेड्डी ने भी मंत्रियों के बाद विधायक के रूप में शपथ ली। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के अध्यक्ष वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी को चंद्रबाबू नायडू और सत्ता पक्ष को शपथ से पहले और बाद में हाथ जोड़कर अभिवादन करते देखा गया।

वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी सत्र के शुरू होने के समय मौजूद नहीं थे। वे पाँच मिनट देर से विधानसभा परिसर में पहुँचे और वे शपथ लेने के बाद सदन से बाहर चले गए।

टीडीपी-जन सेना-बीजेपी गठबंधन ने हाल में हुए चुनाव में 175 सदस्यीय विधानसभा में से 164 सीटें हासिल की है। 151 सदस्यों वाली वाईएसआरसीपी पिछली विधानसभा में मात्र 11 सीटों पर सिमट गई। 25 लोकसभा सीटों में से गठबंधन ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *