वाशिंगटन,22 अगस्त (युआईटीवी)- अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को धमकी दी है कि “अगर मैं राष्ट्रपति बना तो भारतीय उत्पादों पर भी अमेरिका उच्च शुल्क लगाएगा।”अमेरिका में 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है। डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ अमेरिकी उत्पाद ख़ास कर हार्ले डेविडसन बाइक पर भारत में उच्च शुल्क का मुद्दा उठाया और सत्ता में वापस आने पर भारत पर उतना ही शुल्क लगाने की धमकी भी दी।
2019 में जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप थे तब उन्होंने अपने कार्यकाल में भारत को टैरिफ किंग कहा था। मई 2019 में अमेरकी बाजार में भारत को प्राथमिकता देनेवाली जीएसपी (प्राथमिकताओं की सामान्यीकृत प्रणाली) को ट्रंप ने समाप्त भी कर दिया। जीएसपी के अन्तर्गत विकसित देशों में विकासशील देशों को अपना सामान बेचने पर लगने वाले शुल्क पर उचित छूट दी जाती है। ट्रंप का आरोप था कि अमेरिका को भारत ने उचित और न्यासंगत पहुँच नहीं दी है।
फॉक्स बिजनेस न्यूज़ लैरी कुडलो को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने भारत की शुल्क दरों को बेहद उच्च बताते हुए उस पर सवाल उठाए थे। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि “दूसरी चीज जो मैं चाहता हूँ,वो है समान कर। भारत उच्च कर लेता है,मैंने हार्ले डेविडसन बाइक पर ऐसा देखा। मैंने ये कहा था कि आप भारत जैसे जगह में कैसे हो ? वो सौ प्रतिशत,डेढ़ सौ प्रतिशत और दो सौ प्रतिशत तक टैक्स लगते हैं। मैं बस ये चाहता हूँ कि भारत अगर हम पर टैक्स लगता है तो हम भी उनपर टैक्स लगाए।”
उन्होंने भारत के साथ-साथ ब्राज़ील की प्रणाली पर भी सवाल उठाए। ट्रंप ने 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की भी इच्छा व्यक्त की हालाँकि उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के लिए 23 अगस्त को आयोजित होनेवाली पहली प्राथमिक बहस में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया है।
