बंदूक

बिहार के पटना में जदयू नेता सौरव कुमार की गोली मारकर हत्या,पुलिस जाँच में जुटी

पटना,25 अप्रैल (युआईटीवी)- बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन इलाके में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता सौरभ कुमार की बुधवार की रात अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि उनका एक दोस्त इस घटना में घायल हो गए। पूरे मामले की पुलिस गहन छानबीन कर रही है।

पुलिस के अनुसार,33 वर्षीय सौरव कुमार शिवसागर परसा बाजार के रहने वाले थे,वे पुनपुन थाना क्षेत्र के बढ़ैयाकोल गाँव में अपने दोस्त मुनमुन के साथ बुधवार रात को एक रिसेप्शन पार्टी में गए थे। जब वे शादी के रिसेप्शन पार्टी से लौट रहे थे,तभी उन पर मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात हमलावरों ने करीब से गोलियाँ चलाईं। सौरभ और मुनमुन इस गोलीबारी में घायल हो गए। तुरंत दोनों को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया,जहाँ जदयू नेता को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मुनमुन की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना के पश्चात आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल मचाया और कई घंटों तक पटना-गया मार्ग को जाम कर दिया। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुँची और लोगों के जाम को हटाया। मामले की जाँच में पुलिस जुट गई है और अपनी छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक पुलिस हत्यारोपियों की पहचान नहीं कर पाई है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता सौरभ कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करते थे। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

मृतक सौरभ कुमार के परिजनों से राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी और पाटलिपुत्र से प्रत्याशी मीसा भारती ने मुलाकात कर सांत्वना दी। मसौढ़ी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी कन्हैया सिंह ने इस मामले में कहा कि पूरे मामले की जाँच में पुलिस जुट गई है और छानबीन किया जा रहा है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *