समुद्री तट

अटल सेतु पर आत्महत्या कर रही महिला की पुलिसकर्मियों ने जान बचाई

मुंबई,17 अगस्त (युआईटीवी)- महाराष्ट्र के नवी मुंबई में अटल सेतु पर आत्महत्या की कोशिश करने वाली एक महिला को पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए बचा लिया। अटल सेतु से महिला ने कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की थी। फ्लाईओवर से महिला ने समंदर में कूदने की कोशिश की।

मुंबई में अटल सेतु का निर्माण यात्रा को आसान और तेज बनाने के लिए किया गया था। इस पुल पर कहीं भी पार्किंग की अनुमति नहीं है,लेकिन फिर भी यहाँ कुछ यात्री रुकते हैं। एक महिला इस पुल पर शुक्रवार को आत्महत्या करने की कोशिश कर रही थी,जिसे ट्रैफिक पुलिस और कैब ड्राइवर ने बचा लिया।

बताया जा रहा है कि,एक महिला मुंबई से नवी मुंबई को जोड़ने वाले अटल सेतु पर शुक्रवार शाम को 7 बजे पहुँची और अटल सेतु पर चढ़ कर फ्लाईओवर से समंदर में कूदने की कोशिश करने लगी।

हालाँकि, वहाँ मौजूद एक व्यक्ति ने उस महिला को पकड़ लिया। इस बीच घटनास्थल पर अटल सेतु पर पेट्रोलिंग पर निकली गाड़ी भी पहुँच गई और तत्परता दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने महिला को पकड़ कर ऊपर की ओर खींच लिया।

महिला की उम्र 56 वर्ष बताई जा रही है और वह मुलुंड की रहने वाली है। पुलिस को संबंधित महिला ने बताया कि वह आत्महत्या नहीं कर रही थी,बल्कि वह तो देवताओं की तस्वीरें समुद्र में फेंक (विसर्जित) रही थी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,अटल सेतु से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश करने वाली महिला मानसिक तनाव से पीड़ित है और वह मानसिव तनाव के वजह से ही अटल सेतु पर आत्महत्या के मकसद से आई थी।

जब महिला सेतु से समंदर में कूदने जा रही थी,तभी उस महिला की जान को स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए बचा लिया। बता दें कि,महिला की जान पुलिसकर्मियों जैसे-ललित शिरसाट,यश सोनवणे,किरण मात्रे और मयूर पाटिल ने बचाई।

इन पुलिसकर्मियों की तत्परता के कारण ही महिला की जान बच पाई है और अब महिला को इलाज एवं काउंसलिंग के लिए घर भेज दिया गया है। लेकिन,सोशल मीडिया पर महिला सुसाइड की कोशिश का ये मामला वायरल हो रहा है।