न्यूयॉर्क, 30 जुलाई (युआईटीवी)- क्वाड लीडर्स का शिखर सम्मलेन इस साल के अंत में भारत में होने जा रहा है,जिसका क्वाड विदेश मंत्रियों ने स्वागत किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी इस सम्मलेन में हिस्सा लेने के लिए भारत आ सकते हैं।
सोमवार को टोक्यो में बैठक के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर,ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री पेनी वोंग,अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और जापान के विदेश मंत्री योको कामिकावा ने एक संयुक्त बयान में भारत में क्वाड शिखर सम्मेलन के आयोजन का स्वागत किया।
इस साल भारत क्वाड लीडर्स के शिखर सम्मलेन की मेजबानी कर रहा है। पहले इस शिखर सम्मलेन का आयोजन जनवरी में होने की उम्मीद थी,लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के इसमें शामिल नहीं हो पाने के कारण यह शिखर सम्मलेन जनवरी में आयोजित नहीं हुई।
पिछले सप्ताह व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता सलाहकार जॉन किर्बी ने पुष्टि की थी कि भारत में होने वाले शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन हिस्सा लेंगे।
उन्होंने कहा क़ि,इस साल क्वाड लीडर शिखर सम्मेलन को आयोजित करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। लेकिन,इसके लिए अभी कैलेंडर में कोई तारीख तय नहीं किया गया है।
शिखर सम्मेलन की मेजबानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इस शिखर सम्मेलन में जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानी हिस्सा लेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के कारण 2023 में पिछले शिखर सम्मेलन का समय और स्थान भी बाधित हुआ था।
रोटेशन के मुताबिक,इसका आयोजन ऑस्ट्रेलिया में किया जाना था,लेकिन अंतिम समय में बाइडेन ने इसे घरेलू मजबूरियों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया। बाद में इसका स्थानांतरण हिरोशिमा में कर दिया गया।
इस महीने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने घोषणा किया कि वह आगामी राष्ट्रपति पद के चुनाव से पीछे हट रहे हैं। पिछले साल सितंबर में जी 20 शिखर सम्मलेन में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति जो बाइडेन भारत आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल सितंबर में हुए जी 20 शिखर सम्मलेन की अध्यक्षता की थी।
