मुंबई,25 अगस्त (युआईटीवी)- नितेश तिवारी की फिल्म रामायण में रणबीर कपूर को राम और आलिया भट्ट को सीता के रूप में कास्ट किया गया था । लेकिन आलिया भट्ट ने खुद को इस फिल्म से तारीखों के मुद्दों के कारण अलग कर लिया है । अब बात हो रही है कि जब आलिया इस प्रोजेक्ट से बाहर हो गयी हैं तो क्या उनके पति रणबीर कपूर इस फिल्म में राम का किरदार निभाएँगे या रणबीर भी फिल्म से लेंगे एग्जिट ?
आलिया भट्ट को सीता बनते हुए देखने वालों के लिए एक बुरी खबर सामने आयी है। बताया जा रहा है कि आलिया ने नितेश तिवारी की फिल्म रामायण से दूरी बना ली है। खबर थी कि रणबीर और आलिया फिल्म रामायण में राम और सीता की भूमिका निभाएँगे और वहीं साउथ अभिनेता यश रावण बनेंगे। लेकिन अब आलिया भट्ट ने अपने किरदार को अलविदा कह दिया है और इसकी वजह आलिया का व्यस्त कार्यक्रम बताया जा रहा है।
एबीपी न्यूज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की शूटिंग शुरू होने में फिलहाल अभी काफी समय है। इस फिल्म के छोटे-से-छोटे एंगल पर बारीकी से काम किया जा रहा है। ताकि बड़े परदे पर हर जानकारी सही जाए। ऐसे में आलिया के आगे के सभी डेट्स बुक हैं और उन्हें अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स के लिए भी वक़्त निकालना है। ऐसे में आलिया ने अपने व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए इस फिल्म से खुद को अलग कर लिया है।
इस खबर के सामने आने के बाद ऐसा सवाल किया जा रहा है कि आलिया के इस फिल्म से हटने के बाद क्या रणबीर कपूर भी अपने राम के किरदार से एग्जिट लेंगे ? फिलहाल फिल्म रामायण के स्टार कास्ट को लेकर कोई आधिकारिक सूचि नहीं आई है। लेकिन फिल्म से आलिया के एग्जिट की खबर सुनकर उनके प्रशंसक काफी नाराज हैं।
