न्यूयॉर्क,14 सितंबर (युआईटीवी)- “पिनेकल अवार्ड 2023″ के लिए फेडएक्स कॉरपोरेशन के सीईओ राज सुब्रमण्यम का चयन हुआ है। राज सुब्रमण्यम का जन्म भारत में हुआ था। पिनेकल अवार्ड इस वर्ष उत्कृष्ट 50 एशियन अमेरिकन्स इन बिजनेस अवार्ड में दिया जाने वाला शीर्ष पुरस्कार है।
यह अवार्ड सिप्रियानी वॉल स्ट्रीट में 21 सितम्बर को आयोजित एक भव्य रात्रिभोज समारोह में दिया जाएगा। यह सम्मान राज सुब्रमण्यम को 50 एशियाई अमेरिकी अधिकारियों के साथ दिया जाएगा। इस पुरस्कार की स्थापना एशियन अमेरिकन बिजनेस डेवलपमेंट सेंटर (एएबीडीसी) द्वारा किया गया है।
जो भी व्यक्ति अपने पेशेवर करियर में उच्च स्थान शिखर पर पहुँच चुके हैं,उन्हें इस पिनेकल अवार्ड देकर सम्मानित किया जाता है। ऐसे व्यक्ति अपने उद्योग में व्यापक और अग्रणी रूप से स्वीकार्य किए जाते हैं। ये सबके लिए एक प्रेरणा स्रोत होते हैं।
जॉन वांग जो एशियन अमेरिकन बिजनेस डेवलपमेंट सेंटर (एएबीडीसी) के संस्थापक और अध्यक्ष हैं ने कहा कि ” इस सर्वोच्च और प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए विजेताओं की जो सूचि तैयार की जाती है,उसके लिए हमारी 50 बिजनेस कमेटी बहुत ही सावधानी से विचार-विमर्श करती है और ऐसे व्यक्तियों का चयन करके इस सूचि में शामिल करते हैं जो एशियन अमेरिकन बिजनेस कम्युनिटी के लिए एक रोल मॉडल तथा आदर्श हों। ताकि उनके नेतृत्व में बेहतर काम हो। ”
जॉन वांग ने आगे कहा कि ” इस अवार्ड के लिए जरुरी सभी मानदंडों को पूरा करते हुए फेडएक्स के सीईओ राज सुब्रमण्यम इस पुरस्कार से सम्मानित होने के हकदार हैं। उन्होंने एक लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन को संचालित करने का काम किया है, अर्थव्यवस्था के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में से एक है। उन्होंने इस क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य किया है ।
राज सुब्रमण्यम को इस साल के शुरुआत में 2023 होरेशियो अल्जीरिया पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। सिरैक्यूज विश्वविद्यालय में हिस्सा लेने के लिए वे 1987 में अमेरिका चले गए थे। उन्होंने वहाँ रसायन अभियान्त्रिकी (केमिकल इंजीनियरिंग)में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की।
टेक्सास विश्वविद्यालय से 1991 में राज सुब्रमण्यम ने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक और मास्टर डिग्री की उपाधि ग्रहण की। वर्ष 1991 में ही उन्होंने फेडएक्स में एक सहयोगी विश्लेषक के रूप में सम्मिलित हुए।
