उद्धव ठाकरे

प्रधानमंत्री मोदी से उद्धव बोले : राम मंदिर का काम हुआ समाप्त,अब करें काम की बात

नासिक (महाराष्ट्र),24 जनवरी (युआईटीवी)- भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने चुनावी रण का मोर्चा खोलते हुए कहा कि, ” राम मंदिर का काम समाप्त हो गया है,अब प्रधानमंत्री को काम की बात करनी चाहिए।” ठाकरे ने कहा कि पिछले दो संसद चुनावों में उन्होंने और उनकी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जोरदार प्रचार किया था। हिंदुत्व को लेकर दिवंगत बालासाहेब ठाकरे ने भाजपा के साथ गठबंधन किया था।

एक पार्टी सम्मेलन को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि, ” जब हम उनके साथ थे,तब हम बेईमान नहीं थे।अब अचानक हमें भ्रष्ट करार दिया गया है। इसलिए मेरी पार्टी के कई नेता जैसे-राजन साल्वी,किशोरी पेडनेकर,रवींद्र वायकर, सूरज चव्हाण, अनिल परब इन आरोपों का सामना कर रहे हैं। झूठे आरोप लगाकर संजय राउत को जेल भी भेजा गया था। हमें केंद्रीय जाँच एजेंसियों द्वारा बदनाम और परेशान किया जा रहा है। ”

उद्धव ठाकरे ने अयोध्या मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंदगिरिजी महाराज के उस बात पर आपत्ति जताई है,जिसमें उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य समानताएँ बताई हैं। अयोध्या मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंदगिरिजी महाराज ने भगवान राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद अपने भाषण में छत्रपति शिवाजी महाराज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मध्य समानताएँ बताई थी। जिस पर ठाकरे ने कहा कि, “दोनों के बीच कोई तुलना नहीं हो सकती है।”

उद्धव ठाकरे ने कहा कि, ” मंदिर का मुद्दा छत्रपति शिवाजी महाराज और बाला साहेब ठाकरे के कारण ही सामने आया। महाराष्ट्र और देश कई मौकों पर बाला साहेब ठाकरे के कारण ही आतंकी हमलों तथा दंगों,दुश्मनों से बचा रहा है। जब पुलिस की लाठियाँ और गोलियाँ मेरे शिवसैनिकों ने खाईं और आज ऐसी बातें कुछ अंधभक्त कह रहे हैं। भाजपा के साथ जो हमने पहले गठबंधन किया था,उसको लेकर अब हमें पछतावा हो रहा है। ”

बालासाहेब ठाकरे की 98वीं जयंती के अवसर पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि, ”भगवान राम किसी नेता या किसी पार्टी की निजी संपत्ति नहीं हैं, बल्कि भाजपा ने तो भगवान राम का अपहरण करने का भी प्रयास किया है। अब वक़्त आ गया है कि भाजपा के चंगुल से भगवान राम को मुक्त कराया जाए।”

भाजपा पर हमला तेज करते हुए ठाकरे ने कहा कि भाजपा अक्सर पूछते रहती है कि , ” 75 वर्षों में कांग्रेस ने क्या किया”,लेकिन अब जवाब देने की बारी उनकी है कि, ” पिछले 10 वर्षों में मोदी ने क्या किया है?” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह देते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि सिर्फ ‘जय श्रीराम’ का नारा न लगाएँ, बल्कि भगवान राम के आदर्शों पर भी चलें।”

उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए जब कांग्रेस ने लड़ाई लड़ी, तो उस समय न तो वहाँ जनसंघ थे और न ही आरएसएस थे। स्वतंत्रता के संग्राम में भी वे शामिल नहीं हुए। 1960 के दशक में संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन को जनसंघ ने विफल करने का प्रयास किया था।

उद्धव ठाकरे ने बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में जाँच का हवाला देते हुए कहा कि, यह जाँच सिर्फ बीएमसी में ही क्यों किया जा रहा है ? यह जाँच नागपुर,पुणे,ठाणे और अन्य नगर निकायों में क्यों नहीं किया जा रहा है?

उन्होंने 8,000 करोड़ रुपये के एम्बुलेंस घोटाले जैसे भ्रष्टाचार पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि देश में सभी बड़े घोटालों की शुरुआत भाजपा ने पीएम केयर फंड से की है। इसलिए जाँच तो पीएम केयर फंड का किया जाना चाहिए कि सारा पैसा आखिर गया कहाँ, कोई विवरण क्यों नहीं दिया गया? इन सभी चीजों की जाँच हम सत्ता में आने पर कराएँगे और जो भी दोषी होगा,उन्हें सलाखों के पीछे डालेंगे।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना पर उद्धव ठाकरे ने निशाना साधते चेतावनी दी कि, “जब तक हम राज्य में अगले चुनावों में सभी गद्दारों को हरा नहीं देते,तब तक हम आराम नहीं करेंगे। ”

मूल शिवसेना से एकनाथ शिंदे जून 2022 में अलग हो गए थे। ठाकरे ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि, ” वे कहते हैं कि मैं एक वंशवादी पार्टी चला रहा हूँ, हाँ… लेकिन शिवसैनिकों सहित सब कुछ मुझे विरासत में मिला है। आपके जैसे मैंने कुछ भी चुरा कर हासिल नहीं किया है।”

कांग्रेस के नेता मिलिंद एम. देवड़ा ने हाल ही में पार्टी बदल कर शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए है। इसका हवाला देते हुए भी ठाकरे ने शिवसेना और भाजपा की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के नेताओं को भाजपा और शिंदे की शिवसेना दूर ले जाते हैं। ऐसा वे इसलिए करते हैं,क्योंकि कोई भी आदर्श नेता उनकी पार्टी में नहीं है। भाजपा अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए ब्रिटिशकाल की ‘फूट डालो और राज करो’ की रणनीति अपना रही है।

नासिक के तीर्थस्थल से शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने अपनी पत्‍नी रश्मि और बेटे आदित्य के साथ शीर्ष नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अपनी पार्टी के 2024 के चुनाव अभियान की शुरुआत की। उन्‍होंने जुलूस और अन्य गतिविधियों का आयोजन पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *