ट्रेन हादसा

झारखंड के चक्रधरपुर में हुए ट्रेन हादसे में 2 की मौत,कई अन्य घायल,यात्रियों को स्पेशल ट्रेन से भेजा जा रहा

राँची, 30 जुलाई (युआईटीवी)- झारखंड के चक्रधरपुर में ट्रेन हादसा हो गया,जिसमें दो लोगों की मृत्यु हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। मौके पर राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है। स्पेशल ट्रेन की सहायता से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुँचाया जा रहा है। दक्षिण पूर्व रेलवे के सीपीआरओ ओम प्रकाश ने बताया कि हावड़ा-मुंबई मेल (12810) आज सुबह 3:43 बजे दुर्घटना ग्रस्त हो गई। राहत और बचाव कार्य को तुरंत शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत यात्रियों को चक्रधरपुर स्टेशन बस से ले जाया जा चुका है। वहीं बाकी के 20 प्रतिशत यात्रियों को चक्रधरपुर पहुँचाने के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की गई है।

सीपीआरओ ओम प्रकाश ने बताया कि 2 यात्रियों की मौत इस दुखद ट्रेन दुर्घटना में हो गई। वहीं एक यात्री की हड्डियों में फ्रैक्चर आ गया है और कई अन्य घायल हुए हैं। सभी यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक स्पेशल ट्रेन से पहुँचाया जा रहा है। यात्रियों को सुबह 10:30 बजे स्पेशल ट्रेन से चक्रधरपुर भेजा गया।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दुखद ट्रेन दुर्घटना पर अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उन्होंने एक पोस्ट किया कि ट्रेन दुर्घटना में जितने भी लोग घायल हुए हैं,उन तक हर संभव सहायता पहुँचाई जाए। इस पोस्ट में उन्होंने सिंहभूम तथा सरायकेला के डीसी को भी टैग किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी कार्यों के तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने इस पर अपने जवाब में कहा कि यह ट्रेन दुर्घटना खरसांवा प्रखण्ड अंतर्गत पोटो बेड़ा गाँव के नजदीक में हुआ है। राहत-बचाव कार्य एवं हेल्पलाइन नम्बर जिला प्रशासन सरायकेला खरसांवा द्वारा जारी किया गया है। सभी आवश्यक सहयोग प्रदान के संबंध में जिला प्रशासन पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसांवा जिला प्रशासन लगातार संपर्क में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *