ब्यूनस आयर्स,20 अगस्त (युआईटीवी)- अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी चोट के कारण अपनी टीम के विश्व कप क्वालीफायर मैचों से बाहर हो गए हैं। अगले महीने चिली और कोलंबिया के खिलाफ अपनी टीम के विश्व कप क्वालीफायर मैचों में चोटिल लियोनल मेसी नहीं खेल पाएँगे।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के रिपोर्ट के मुताबिक, 37 वर्षीय खिलाड़ी लियोनल मेसी को जुलाई में खेले गए कोपा अमेरिका फाइनल के मुकाबले में टखने में चोट लग गई थी,जिससे अभी तक वे पूरी तरह से उबर नहीं पाए है। इसलिए,सोमवार को एल्बीसेलेस्टे की 28 सदस्यीय टीम में लियोनल मेसी को शामिल नहीं किया गया।
इन क्वालीफायर मैचों से अनुभवी रिवर प्लेट के गोलकीपर फ्रेंको अरमानी और रोमा के फारवर्ड पाउलो डायबाला को भी बाहर रखा गया है।
पहली बार स्ट्राइकर वैलेन्टिन कैस्टेलानोस तथा मिडफील्डर एजेक्विएल फर्नांडीज को बुलाया गया था। इसके अलावा युवा प्रतिभाएँ एलेजांद्रो गार्नाचो,वैलेन्टिन बारको,वैलेन्टिन कार्बोनी तथा मटियास सोल को भी 28 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
ब्यूनस आयर्स में 5 सितंबर को अर्जेंटीना और चिली में बीच मुकाबला होगा,जबकि अर्जेंटीना का अगला मुकाबला चिली के मुकाबले के पाँच दिन बाद कोलंबिया से बैरेंक्विला में होगा।
10 टीमों के दक्षिण अमेरिकी क्वालीफाइंग ग्रुप में अर्जेंटीना वर्तमान में छह मैचों में 15 अंकों के साथ शीर्ष पर है।
अर्जेंटीना टीम:
फॉरवर्ड: एलेजांद्रो गार्नाचो (मैनचेस्टर यूनाइटेड), गिउलिआनो शिमोन (एटलेटिको मैड्रिड),जूलियन अल्वारेज़ (एटलेटिको मैड्रिड), मटियास सोले (एएस रोमा), वैलेन्टिन कार्बोनी (ओलंपिक मार्सिले), वैलेन्टिन कैस्टेलानोस (लाज़ियो),लुटारो मार्टिनेज (इंटर मिलान)।
डिफेंडर: गोंजालो मोंटिएल (सेविला),क्रिस्टियन रोमेरो (टोटेनहम हॉटस्पर), नहुएल मोलिना (एटलेटिको मैड्रिड), लियोनार्डो बालेरडी (ओलंपिक मार्सिले),जर्मन पेज़ेला (रिवर प्लेट), लिसेंड्रो मार्टिनेज (मैनचेस्टर यूनाइटेड),निकोलस ओटामेंडी (बेनफिका), वैलेन्टिन बारको (ब्राइटन और होव एल्बियन),निकोलस टैग्लियाफिको (ओलंपिक लियोनिस)।
मिडफील्डर: गुइडो रोड्रिगेज (वेस्ट हैम यूनाइटेड), एंजो फर्नांडीज (चेल्सी),एलेक्सिस मैक एलिस्टर (लिवरपूल), एजेक्विएल फर्नांडीज (अल कादसिया), जियोवानी लो सेल्सो (टोटेनहम हॉटस्पर),निकोलस गोंजालेज (फियोरेंटीना) ),रोड्रिगो डी पॉल (एटलेटिको मैड्रिड),लिएंड्रो पेरेडेस (एएस रोमा)।
गोलकीपर: वाल्टर बेनिटेज़ (पीएसवी आइंडहोवेन), जुआन मुसो (अटलांटा), गेरोनिमो रूली (ओलंपिक डी मार्सिले), एमिलियानो मार्टिनेज (एस्टन विला)।
