बीसीसीआई सचिव जय शाह

जय शाह आईसीसी के नए चेयरमैन बनेंगे,ग्रेग बार्कले की जगह लेंगे

नई दिल्ली,21 अगस्त (युआईटीवी)- भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह का अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का नया चेयरमैन बनना तय माना जा रहा है।

30 नवंबर 2024 को आईसीसी के मौजूदा चेयरमैन ग्रेग बार्कले का कार्यकाल समाप्त होगा। उन्होनें इसके ठीक पहले खुद को तीसरे कार्यकाल की दौड़ से अलग कर लिया है,जिससे भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव जय शाह के खेल की वैश्विक संचालन संस्था में भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई थी।

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट बोर्ड का जय शाह को समर्थन प्राप्त है। इसलिए उनके पास आईसीसी प्रमुख के रूप में ताज पहनाए जाने के लिए पर्याप्त संख्या भी है और उनके आईसीसी का नया चेयरमैन बनाया जाना संभाव है। चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 अगस्त है।

वहीं,मौजूदा चेयरमैन बार्कले ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड समेत आईसीसी निदेशकों को इस पद के लिए तीसरी बार चुनाव में शामिल नहीं होने की बात कही। उन्होंने यह फैसला जय शाह के नवंबर में चुनाव लड़ने के मकसद के बारे में सूचित किए जाने के बाद लिया है।

द ऐज की रिपोर्ट के मुताबिक,एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्तमान अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की,जबकि 4.46 बिलियन डॉलर का विवाद शासी निकाय और इसके प्रमुख ब्रॉडकास्ट अधिकार धारक स्टार के बीच चल रहा है।

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की दो अग्रणी टीमें ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने जय शाह को नॉमिनेशन के लिए अपना समर्थन दे दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि वे कम-से-कम तीन वर्षों तक आईसीसी का अध्यक्ष बने रहेंगे।

द एज को आईसीसी के प्रवक्ता ने बताया कि,बोर्ड को आईसीसी के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने तीसरे कार्यकाल के लिए खड़े नहीं होने की पुष्टि की है। नवंबर के अंत में उनका कार्यकाल समाप्त हो रहा है,जिसके बाद वे पद से हट जाएँगे।

नवंबर 2020 में ग्रेग बार्कले को स्वतंत्र आईसीसी अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था और उन्हें फिर से 2022 में चुना गया था।

आईसीसी अधिकारी ने कहा कि,वर्तमान निदेशकों को अगले अध्यक्ष के लिए अब 27 अगस्त,2024 तक नॉमिनेशन प्रस्तुत करना होगा और एक से अधिक उम्मीदवार होने पर चुनाव होगा। 1 दिसंबर 2024 से नए अध्यक्ष के कार्यकाल की शुरुआत होगी।

अब तक आईसीसी के प्रमुख के पद को सिर्फ दो भारतीय जगमोहन डालमिया और शरद पवार ने ही संभाला है। 1997 से 2000 तक जगमोहन डालमिया और 2010 से 2012 तक शरद पवार ने इस पद को संभाला था।

सितंबर 2025 में बीसीसीआई के महासचिव के रूप में कार्यकाल समाप्त होने के बाद जय शाह एक नई भूमिका में नजर आ सकते हैं।

आईसीसी के अध्यक्ष के रूप में किसी भी व्यक्ति को चुने जाने के लिए 51 प्रतिशत वोट अर्थात 16 में से कम-से-कम नौ वोट उस व्यक्ति को प्राप्त करने की जरुरत होती है।