नई दिल्ली,30 जनवरी (युआईटीवी)- भारत को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले उस समय बड़ा झटका लगा,जब टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज केएल राहुल और बाएँ हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भारत के दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। विशाखापत्तनम में 2 फरवरी से भारत और इंग्लैंड के मध्य दूसरा टेस्ट मैच खेला जाने वाला है।
एक बयान में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बताया कि भारत-इंग्लैंड के बीच हैदराबाद में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन रवींद्र जडेजा को बल्लेबाजी के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी। उस समय रवींद्र जडेजा 231 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी कर रहे थे।
इस मैच के दौरान ही केएल राहुल को भी चोट लगी और अब अगला मैच दोनों खिलाड़ी ही नहीं खेल पाएँगे।
बयान में आगे बताया गया है कि विशाखापत्तनम टेस्ट के लिए भारत की टेस्ट टीम में ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर,बाएँ हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार और दाएँ हाथ के बल्लेबाज सरफराज खान का चयन पुरुष चयन समिति ने किया है।
भारतीय टीम के लिए जडेजा और राहुल की चोटें एक बड़ा झटका है। खासकर तब जब पाँच मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड ने पहला मैच 28 रन से जीत कर अपनी बढ़त को 1-0 कर लिया है।
पहले से ही मेजबान टीम को विराट कोहली की कमी खल रही है। क्योंकि विराट कोहली पहले दो टेस्ट से अपने व्यक्तिगत कारणों से बाहर हैं और दूसरी ओर टखने की चोट से वरिष्ठ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी जूझ रहे हैं।
भारत के लिए ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने चार टेस्ट खेले हैं,जिनमें उन्होंने तीन अर्द्धशतक लगाए हैं और छह विकेट लिए हैं।
The Men’s Selection Committee have added Sarfaraz Khan, Sourabh Kumar and Washington Sundar to India’s squad.#INDvENG https://t.co/xgxI8NsxpV
— BCCI (@BCCI) January 29, 2024
उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में मार्च 2021 में खेला था,उसके बाद अब फिर से उन्हें इंग्लैंड के साथ होने वाले विशाखापत्तनम टेस्ट के लिए वापस बुलाया गया है।
बाएँ हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार श्रीलंका के खिलाफ मार्च 2022 में हुए घरेलू श्रृंखला के लिए भारत के टेस्ट टीम में शामिल थे और साल के अंत में जडेजा के प्रतिस्थापन के रूप में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के लिए उन्हें बुलाया गया था।
इस बीच दाएँ हाथ के बल्लेबाज सरफराज खान का चयन भारतीय टेस्ट टीम में पहली बार किया गया है,जिसके लिए वे लंबे समय से इंतज़ार कर रहे थे।
घरेलू क्रिकेट के पिछले तीन सीज़न में सरफराज खान ने मुंबई के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में उन्होंने शानदार 161 रन बनाए,जिसके बदौलत अहमदाबाद में खेले गए दूसरे चार दिवसीय मैच में भारत ए ने एक पारी और 16 रन से इंग्लैंड लायंस को हराया था।
भारत का इंग्लैंड के खिलाफ अगला टेस्ट मैच विशाखापत्तनम में 2 फरवरी से खेला जाएगा।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारत की टीम : रोहित शर्मा (कप्तान),जसप्रीत बुमराह (उप-कप्तान),शुभमन गिल,श्रेयस अय्यर,यशस्वी जायसवाल,केएस भरत (विकेटकीपर),ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर),मोहम्मद सिराज,रविचंद्रन अश्विन,कुलदीप यादव,अक्षर पटेल,आवेश खान,मुकेश कुमार,रजत पाटीदार,वाशिंगटन सुंदर,सौरभ कुमार,सरफराज खान।
