अमित शाह एंड कंपनी के साथ पीएम मोदी

लोकसभा चुनाव 2024: आज महाराष्ट्र व कर्नाटक में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पीएम मोदी करेंगे चुनाव प्रचार

नई दिल्ली,29 अप्रैल (युआईटीवी)- लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पूरे जोर-शोर से चुनाव प्रचार किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक और महाराष्ट्र चार जनसभाओं को संबोधित करेंगे और मतदाताओं से अपने 400 पार के संकल्प की सिद्धि के लिए आशीर्वाद माँगेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार,जनसभा और रोड शो में बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। दोपहर 12:15 बजे पीएम मोदी कर्नाटक के बागलकोट में अपनी पहली रैली करेंगे।

इसके बाद सोलापुर में दोपहर बाद 2:15 बजे एक रैली को संबोधित करेंगे तथा वहाँ के नागरिकों से भाजपा उम्मीदवार राम सातपुते के समर्थन में वोट करने का आग्रह करेंगे। कांग्रेस की प्रणीति शिंदे से सातपुते का सीधा मुकाबला है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कराड में शाम 4:30 बजे पार्टी उम्मीदवार उदयनराजे भोसले के लिए एक रैली करेंगे। उदयनराजे भोसले सतारा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला राकांपा (एसपी) के उम्मीदवार शशिकांत शिंदे से है।

शाम 6:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी की दिन की चौथी रैली होनी है। पुणे से भाजपा उम्मीदवार मुरलीधर मोहोल कांग्रेस के रवींद्र धांगेकर के खिलाफ,बारामती से राकांपा उम्मीदवार सुनेत्रा पवार अपनी भाभी और एनसीपी (एसपी) की उम्मीदवार सुप्रिया सुले के खिलाफ,शिरूर से राकांपा उम्मीदवार शिवाजीराव अधालाराव पाटिल एनसीपी (एसपी) के उम्मीदवार अमोल कोल्हे के खिलाफ तथा मावल से शिवसेना उम्मीदवार श्रीरंग बारणे शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार संजोग वाघेरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी पुणे के हडपसर में रेस कोर्स मैदान में अपने पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे।

वहीं भाजपा अध्यक्ष जे.पी.नड्डा का तेलंगाना में दो जनसभाएँ और एक रोड शो का कार्यक्रम है। वे कोठागुडेम में दोपहर 12:15 बजे,महबूबाबाद में दोपहर 1:55 बजे जनसभाओं को संबोधित करेंगे,जबकि मल्काजगिरी लोकसभा क्षेत्र में शाम 5:50 बजे वह रोड शो करेंग।

बिहार और असम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार करेंगे। बिहार के मधुबनी में वे दोपहर 12:30 बजे और बेगुसराय में दोपहर दो बजे जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उसके बाद वे असम के गुवाहाटी में शाम 5:30 बजे रोड शो करने जाएँगे।

गुजरात के पाटन में सुबह 10 बजे कांग्रेस नेता राहुल गांधी जनसभा करेंगे। उसके बाद वे छत्तीसगढ़ जाएँगे,जहाँ बिलासपुर के सकरी में शाम 4:15 बजे एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

कर्नाटक के गुलबर्गा में सोमवार को दोपहर तीन बजे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी एक जनसभा को संबोधित करेंगी।

आप के आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट के उम्मीदवार मालविंदर सिंह कंग के समर्थन में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दोपहर दो बजे रूपनगर में रोड शो करेंगे।

महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंगलवार को भी तीन रैलियाँ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *