नई दिल्ली,27 अप्रैल (युआईटीवी)- मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से भाजपा ने वर्तमान सांसद पूनम महाजन का टिकट काट कर पार्टी का लोकसभा उम्मीदवार के रूप में आतंकवादियों और अपराधियों के खिलाफ केस लड़ने वाले मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को चुनावी मैदान में खड़ा किया है। उज्जवल निकम अजमल कसाब के केस में सरकारी वकील थे,जिसने मुंबई हमले के आतंकी अजमल कसाब को फाँसी की सजा दिलवाई थी।
पूनम महाजन पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय प्रमोद महाजन की बेटी हैं। 2014 में पूनम महाजन ने मुंबई उत्तर मध्य सीट से मौजूदा सांसद प्रिया दत्त को हराकर जीत दर्ज की थी। प्रिया दत्त दिवंगत अभिनेता और कांग्रेस नेता सुनील दत्त की बेटी हैं। 2019 में पुनः पूनम ने इस सफलता को दोहराया था।
शनिवार को भाजपा द्वारा लोकसभा उम्मीदवार की 15वीं सूची जारी की गई,जिसमें पार्टी ने एकमात्र उज्ज्वल निकम की ही उम्मीदवारी की घोषणा की।
उज्जवल निकम ने 1993 में मुंबई में हुए बम धमाके और 2008 में हुए 26/11 के आतंकी हमले के दोषियों सहित कई अन्य हाई प्रोफाइल मामले में अपराधियों और आतंकवादियों के खिलाफ विशेष लोक अभियोजक के तौर पर मुकदमा लड़ा है और उन्हें सजा दिलवाया है।
इसके अलावा भाजपा ने अपने 8 उम्मीदवारों के नाम की चौथी सूची ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए जारी कर दी है। जिसमें फकीर मोहन नायक तेलकोई से,मुरली मनोहर शर्मा चंपुआ से,बनिकल्याण मोहंती बासुदेवपुर से,सीमारानी नायक हिंडोल से,प्रशांत कुमार जगदेव खुर्दा से चुनाव लड़ेंगे।
उज्जवल निकम ने बीजेपी की तरफ से टिकट मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा,उन्हें देश सेवा करने का अवसर मिला है। समाज और राष्ट्र की सेवा राजनीति से होती है। वे इस नए फंडे को जरूर अपनाएँगे। वर्षा गायकवाड के खिलाफ उज्जवल निगम चुनावी मैदान में हैं। जब उनसे इससे जुड़े सवाल पूछे गए तो उन्होंने कहा कि वर्षा गायकवाड वरिष्ठ सदस्य हैं।
