भारतीय पुरुष हॉकी टीम

पेरिस ओलंपिक 2024: हरमनप्रीत और श्रीजेश के दम पर भारत ने आयरलैंड को 2-0 से हराया,हॉकी में भारत को मिली दूसरी बड़ी जीत

नई दिल्ली,31 जुलाई (युआईटीवी)- पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय हॉकी टीम ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में दमदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी जीत दर्ज की है। पिछले मैच में भारतीय हॉकी टीम ने अर्जेंटीना के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला। पूल स्टेज के तीसरे मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की टीम ने शानदार वापसी करते हुए आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले को 2-0 से जीता। कप्तान हरमनप्रीत दोनों गोल कर एक बार फिर से टीम इंडिया की इस जीत के स्टार बने। वहीं गोलकीपर पीआर श्रीजेश अपना आखिरी ओलंपिक खेल रहे हैं,उन्होंने मैच के दूसरे हाफ में कई शॉट्स बचाए और विरोधी टीम को गोल करने से रोकने में कामयाबी हासिल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूल बी में भारतीय टीम इस जीत के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया है।

खेलों के सबसे बड़े महाकुंभ पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत ने अब तक दो कांस्य पदक जीत चुके हैं। अभी तक ग्रुप में हॉकी टीम अजेय चल रही है। पहले मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर जोरदार शुरुआत की थी।वहीं दूसरे मैच में 2016 रियो ओलंपिक की चैंपियन अर्जेंटीना को जीत से रोक कर उसके खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। आयरलैंड के खिलाफ भारतीय हॉकी टीम ने 11वें मिनट में पहला गोल किया।कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने यह गोल पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए दागा।


इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत सिंह का जलवा जमकर देखने को मिला। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने मैच के दूसरे क्वार्टर में आयरलैंड के खिलाफ दूसरा गोल भी किया। 19वें म‍िनट में दूसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए ही आया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भारत के लिए दो गोल दाग कर टीम को बढ़त दिलाई और यह बढ़त मैच के अंत तक बरकरार रही।

कप्तान हरमनप्रीत ने इन दोनों ही मैच में बिल्कुल आखिरी मिनटों में गोल दागकर मुकाबले को टीम इंडिया के पक्ष में कर दिया। हरमनप्रीत ने इस बार भी निर्णायक गोल दागे। आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने पहले हाफ में ही दोनों गोल दाग दिए।

शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक तेवर दिखाए और आयरलैंड के डिफेंस पर दबाव बनाए रखा। कप्तान हरमनप्रीत ने मैच के 11वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए पहला गोल किया। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम 1-0 से आगे होने के बाद दूसरे क्वार्टर में जल्द ही अपनी बढ़त को दोगुना कर दिया। 19वें मिनट में भारत को पुनः पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत ने एक बार फिर से अपनी ड्रैग फ्लिक से सटीक निशाना गोल पर साधकर भारत को 2-0 से बढ़त दिला दिया।

तीसरे और चौथे क्वार्टर में आयरलैंड की टीम ने भारतीय गोल पर कुछ अच्छे शॉट्स दागे,लेकिन भारत की डिफेंस लाइन मजबूत दीवार की तरह खड़ी रही और आयरलैंड को कोई गोल नहीं करने दिया। भारत अपने तीन मैचों में से 2 मैच जीत कर और एक मैच ड्रॉ कर 7 पॉइंट्स के साथ पहला स्थान कर लिया है। बेल्जियम और ऑस्ट्रेलिया दूसरे-तीसरे स्थान पर काबिज हैं और दोनों ही टीमें सिर्फ 2-2 मैच ही खेले हैं। दोनों टीमों के 6-6 पॉइंट्स हैं। भारत 1 अगस्त को अपना अगला मैच मौजूदा चैंपियन बेल्जियम के साथ खेलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *