मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर बिन इब्राहिम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

मलेशिया के प्रधानमंत्री आज तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुँचेंगे

नई दिल्ली,19 अगस्त (युआईटीवी)- मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर बिन इब्राहिम आज,सोमवार को तीन दिवसीय ‘राजकीय यात्रा’ पर भारत आ रहे हैं।

एक बयान में भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर बिन इब्राहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 19 से 21 अगस्त तक भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अनवर बिन इब्राहिम की मलेशिया के प्रधानमंत्री के रूप में यह पहली भारत यात्रा होगी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक,मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में मलेशियाई प्रधानमंत्री का औपचारिक स्वागत किया जाएगा,उसके बाद वे महात्मा गांधी के समाधी स्थल राजघाट पहुँचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मलेशियाई प्रधानमंत्री द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन किया गया है।

उसके बाद ,प्रधानमंत्री अनवर बिन इब्राहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस.जयशंकर मुलाकात कर बातचीत करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि,भारत तथा मलेशिया के मध्य के सामाजिक-सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंध काफी मजबूत हैं। 2015 में प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया की यात्रा पर गए थे और द्विपक्षीय संबंधों को उस यात्रा के दौरान उन्नत रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।

आगे कहा गया कि,अगले साल दोनों देश रणनीतिक साझेदारी के दूसरे दशक में प्रवेश करेंगे,इसलिए भारत-मलेशिया द्विपक्षीय संबंधों को आने वाले समय में प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की इस यात्रा से और अधिक मजबूती मिलेगी।

इससे पहले मलेशिया के मंत्री जोहरी अब्दुल गनी भी 16 से 19 जुलाई तक भारत के यात्रा पर आए थे और इस दौरान उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से कृषि भवन में मुलाकात की थी तथा दोनों देशों के मध्य द्विपक्षीय कृषि सहयोग को बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया था।