अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन

अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन आज तेल अवीव में शीर्ष इजरायली नेतृत्व से करेंगे मुलाकात

तेल अवीव,19 अगस्त (युआईटीवी)- अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन आज,सोमवार को तेल अवीव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू,इजरायल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग तथा रक्षा मंत्री योआव गैलेंट से मुलाकात करेंगे।

रविवार देर रात को विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन यहाँ पहुँचे। युद्ध विराम वार्ता जो दोहा में हुई,उसमें थोड़ी रुकावट आ गई है। हमास और इजरायल दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाया है कि वे अपने-अपने पोजीशन से पीछे हटे हैं,इसलिए युद्ध विराम वार्ता में रुकावट आ गई है।

इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर हमास ने आरोप लगाया कि शांति वार्ता को प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने नई शर्तें लाकर विफल कर दिया है। वहीं इजरायल ने हमास पर आरोप लगाते हुए कहा कि हमास शांति के पक्ष में नहीं है और दोहा में आयोजित अप्रत्यक्ष शांति वार्ता में पिछले गुरुवार और शुक्रवार को हमास ने अपना प्रतिनिधिमंडल भी नहीं भेजा।

इजरायल सरकार के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,शीर्ष इजरायली नेतृत्व के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन बुधवार को होने वाली प्रस्तावित काहिरा शांति वार्ता के सुचारू रूप से किए जाने के लिए कई बैठकें करेंगे।

विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की 7 अक्टूबर,2023 को किए गए हमास हमले के बाद से यह मिडिल ईस्ट की 9वीं यात्रा है।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन इस साल होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले चाहते हैं कि इजरायल और हमास के बीच जारी युद्ध जल्द-से-जल्द समाप्त हो जाए। क्षेत्रीय तनाव की आशंका के बीच यह वार्ता हो रही है,हमास नेता इस्माइल हानिया की तेहरान में 31 जुलाई को हत्या के बाद ईरान ने इजरायल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है।

इस बीच इजरायल सरकार से बंधकों और लापता लोगों के परिवारों ने जल्द-से-जल्द बंधकों को घर वापस लाने की माँग की है।

गौरतलब है कि,हमास के आतंकवादियों ने 7 अक्टूबर,2023 को दक्षिण इजरायल पर हमला किया था। 1,200 लोगों को इस हमले में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी और 251 लोगों का अपहरण कर उन्हें बंधक बनाकर गाजा ले गए थे।

इनमें से 105 लोगों को इजरायल-हमास के बीच एक सप्ताह के युद्ध विराम के दौरान कैदियों के आदान-प्रदान के बाद रिहा किया गया था। बंधकों और परिवारों के फोरम ने बताया है कि इजरायल सरकार ने गाजा में मौजूद 115 बंधकों में से 39 बंधकों की मौत की पुष्टि की है। परिवार चाहते हैं कि जल्द-से-जल्द बाकी बचे बंधकों को घर वापस लाया जाए।