अरविंद केजरीवाल

दिल्ली शराब घोटाला मामले में सीबीआई ने दाखिल की चार्जशीट,अरविंद केजरीवाल को आरोपी बनाया

नई दिल्ली,29 जुलाई (युआईटीवी)- दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोमवार को एक विशेष अदालत में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया।

जाँच एजेंसी द्वारा यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल की जमानत याचिका पर सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट सुनवाई करने वाला है।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चार्जशीट पहले ही दाखिल कर दिया है और उस चार्जशीट में आम आदमी पार्टी (आप) और इसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को आरोपी बनाया गया है।

शराब घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मुख्य साजिशकर्ता में से एक बताते हुए चार्जशीट दाखिल किया गया है। चार्जशीट में आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ की रिश्वत दी गई थी।

इससे पूर्व,ईडी मामले में सीएम केजरीवाल को 12 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश जारी किया था। सीबीआई द्वारा जब से उन्हें गिरफ्तार किया गया है,वह जेल से बाहर नहीं आ पाए हैं।

कथित शराब घोटाला मामले में हाल ही में दिल्ली की एक अदालत ने मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की न्यायिक हिरासत को 8 अगस्त तक के लिए बढ़ा दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *