बीजिंग,29 जुलाई (युआईटीवी)- चीन के हुनान प्रांत में नदी पर बना बाँध रविवार को अचानक टूट गया,जिसके बाद लगभग 3,800 से अधिक लोगों को बचाया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,जो बाँध टूटा है,वह मध्य चीन के हुनान प्रांत में मौजूद है। शहर के बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत मुख्यालय के हवाले से समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि रविवार रात करीब 8 बजे के आसपास बाँध टूटने की घटना घटित हुई। बाँध में दरार आने का भी पता चला है।
जियांगतान शहर के यिसुहे कस्बे में रहने वाले कुल 3,832 निवासियों को बाँध टूटने के सूचना के बाद निकाला गया है। किसी के इस घटना में अभी तक हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
मुख्यालय ने बताय कि चीन के हुनान प्रांत में नदी पर बने बाँध के टूटने पर बचाव और राहत कार्य में सशस्त्र पुलिस,मिलिशिया और बचावकर्मियों समेत 1,205 लोगों को लगाया गया है। इसमें स्थानीय अधिकारियों और पार्टी सदस्यों के 1,000 से अधिक लोगों की सहायता ली जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि चार स्थानीय स्कूलों में आश्रय स्थल बनाए गए हैं,जहाँ विस्थापित लोगों के लिए पीने का पानी,भोजन और अन्य बुनियादी जीवन और स्वास्थ्य देखभाल सामग्री उपलब्ध करवाया गया है,ताकि बाँध टूटने से प्रभावित हुए जिनटैंग और शिन्हू के दो गाँवों के जितने लोगों का बचाव किया गया है,वे वहाँ रह सके। हालाँकि,अधिकतर लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ रहने के लिए चले गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार,जियांग्टन काउंटी के हुआशी शहर में रविवार को जुआनशुई नदी के एक हिस्से में एक और दरार आ गई है। यह नदी ज़ियांगजियांग नदी में बहती है,जो यांग्त्सी की एक प्रमुख सहायक नदी है।
प्रभावित लोगों को निकालने,स्थानीय लोगों तथा बचावकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास तथा कर्मियों, सामग्रियों एवं उपकरणों को जुटाने के लिए चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने आग्रह किया है। साथ ही 200 से अधिक बचाव दल और 110 इकाइयों के उपकरण को आपातकालीन सहायता प्रदान करने के लिए भेजा गया है।
स्थानीय अग्निशमन अधिकारियों ने घटनास्थल पर 266 बचावकर्मी,47 वाहन और 37 नावें भेजी हैं।
शनिवार को चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने कहा कि हुनान में भारी बारिश की संभावना है तथा प्रांत के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम से सोमवार तक टाइफून गेमी के प्रभाव के कारण भारी बारिश हो सकती है।
