फरवरी में भारत का निर्यात 8.8 फीसदी गिरकर 33.88 अरब डॉलर हो गया, व्यापार घाटे में कमी

फरवरी में भारत का निर्यात 8.8 फीसदी गिरकर 33.88 अरब डॉलर हो गया, व्यापार घाटे में कमी

नई दिल्ली, 16 मार्च (युआईटीवी/आईएएनएस)- भारत का निर्यात फरवरी 2023 में 8.8 प्रतिशत घटकर 33.88 अरब डॉलर रह गया, जो पिछले साल की इसी अवधि में 37.15 अरब डॉलर दर्ज किया गया था। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हालांकि, फरवरी में देश का व्यापार घाटा 17.43 अरब डॉलर तक सीमित हो गया।

यह लगातार तीसरा महीना है, जब निर्यात गिरा है।

आयात भी पिछले साल इसी महीने में दर्ज 55.9 अरब डॉलर की तुलना में 8.21 प्रतिशत घटकर 51.31 अरब डॉलर रह गया।

हालांकि इसी समय, चालू वित्तवर्ष (2022-23) की अप्रैल-फरवरी अवधि के दौरान, देश का कुल व्यापारिक निर्यात 7.5 प्रतिशत बढ़कर 405.94 अरब डॉलर हो गया।

आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि चालू वित्तवर्ष की अप्रैल-फरवरी अवधि के दौरान आयात भी 18.82 प्रतिशत बढ़कर 653.47 अरब डॉलर हो गया।

भारत ने 2022-23 में 750 अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा है, जो 2021-22 में दर्ज 676 अरब डॉलर के निर्यात से 11 प्रतिशत अधिक है।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि 2022-23 में अब तक निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि पेट्रोलियम उत्पादों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बिक्री से हुई है।

चालू वित्तवर्ष में मोबाइल निर्यात में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो जनवरी के अंत तक 8.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *