मुंबई,30 जुलाई (युआईटीवी)- साउथ सुपरस्टार प्रभास अपने आगामी फिल्म ‘द राजा साब’ में इन दिनों काफी व्यस्त हैं। सोमवार को फिल्म के मेकर्स ने फिल्म की एक झलक शेयर की,जिसमें प्रभास शानदार अवतार में दिखाई दे रहे हैं।
अभिनेता का फिल्म ‘द राजा साब’ के पहले लुक से ऐसा प्रतीत हो रहा है,जैसे वे वापस से अपने पुराने अवतार में आ गए हैं। वीडियो के शुरुआत में एक खूबसूरत विंटेज लोकेशन में प्रभास की बाइक से एंट्री होती है। प्रभास अपने हाथों में फूलों का गुलदस्ता थामे हुए हैं और बाइक से उतरते हुए नजर आ रहे हैं। अभिनेता उस वीडियो में बाइक के शीशे में खुद को निहारते हैं और वे अपने ही ऊपर फूल बरसा रहे हैं।
वीडियो में फिल्म के रिलीज़ डेट के बारे में भी बताया गया है। 10 अप्रैल 2025 को इस फिल्म को रिलीज किए जाने की योजना है। फिलहाल,फिल्म की 40 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है। 2 अगस्त से फिल्म के एक बड़े शेड्यूल की शुरुआत होने वाली है।
View this post on Instagram
एस.एस. थमन ने फिल्म का संगीत दिया है। फाइट कोरियोग्राफी राम लक्ष्मण मास्टर्स और किंग सोलोमन ने की है। फाइट कोरियोग्राफी के बारे में बताया जा रहा है कि दर्शक बड़े पर्दे पर इस दृश्य को देखकर खुद को सीटी बजाने से रोक नहीं पाएँगे। आर.सी. वीएफएक्स के प्रभारी बाहुबली फेम कमलाकनन हैं।
‘द राजा साब’ का निर्देशन फिल्म निर्देशक मारुति कर रहे हैं और विश्व प्रसाद द्वारा निर्मित यह फिल्म पीपल मीडिया फैक्ट्री के बैनर तले बन रही है। सिनेमाघरों में इस फिल्म को पाँच भाषाओं हिंदी,तेलुगु,कन्नड़,तमिल तथा मलयालम में रिलीज किया जाएगा।
हाल ही में साउथ सुपरस्टार प्रभास ‘कल्कि 2898 एडी’ में दिखाई दिए थे। यह फिल्म 2024 की सबसे बड़ी हिट बनकर सामने आई। इस फिल्म को साइंस फिक्शन और पौराणिक कथाओं को मिलाकर बनाया गया था,जिसमें प्रभास,अमिताभ बच्चन,दीपिका पादुकोण,दिशा पटानी,कमल हासन मुख्य भूमिका में नजर आए हैं। यह फिल्म हिंदू धर्मग्रंथों से प्रेरित है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने खूब सुर्खियाँ बटोरी। यदि बात फिल्म के कुल कलेक्शन की करे,तो देश और विदेशों में फिल्म ने कुल 1,024.55 करोड़ रुपये का व्यवसाय करने में सफलता हासिल की है।
